पंजाब में ASI हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में ढेर, अमृतसर पुलिस ने घेरा तो की फायरिंग
अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की हत्या के आरोपी दीपक सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया.
अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ में आरोपी दीपक सिंह को मार गिराया. दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नाके पर पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद जवाबी फायरिंग हुई.
कातिलों तक पहुंचने से लेकर मुठभेड़ तक क्या हुआ
ASI हरजीत सिंह की हत्या के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज, मोबाइल डेटा, टावर डंप और स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. पुलिस को आरोपियों और उनके स्कूटर के बारे में जानकारी मिली. शनिवार रात करीब 9:45 बजे थांदे रोड पर नाके के दौरान दो संदिग्ध स्कूटर सवारों को रोकने की कोशिश की गई. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे. पीछा करने के दौरान उन्होंने फिर गोलियां चलाईं. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाब दिया। मुठभेड़ में दीपक सिंह घायल हुआ और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई.
जवान को लगी गोली
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस टीम पर चार गोलियां चलाईं. इनमें दो गोलियां पुलिस की गाड़ी में लगीं. वहीं एक गोली CIA स्टाफ के जवान की छाती पर लगी. जवान ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, इसलिए उसकी जान बच गई. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में छह गोलियां चलाईं. एक गोली दीपक को लगी. पुलिस ने उसके पास से हथियार, मैगजीन, कारतूस, मोबाइल फोन और स्कूटर बरामद होने की बात कही है. दूसरा आरोपी अंधेरे में भाग गया और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं.
Also Read
- अमृतसर में ASI हरजीत सिंह हत्याकांड का आरोपी दीपक सिंह पुलिस एनकाउंटर में ढेर, दूसरे की तलाश जारी
- पंजाब में पेट्रोल-डीजल भरवाना होगा महंगा? 2000 से ज्यादा UPI पेमेंट पर नया चार्ज, डीलरों ने दी हड़ताल की चेतावनी
- 17 साल से पेंशन के बकाये का इंतजार, 80 वर्षीय बुजुर्ग को पंजाब HC से राहत; जानें पूरा मामला
किसी भी पुलिसकर्मी को निशाना बनाने का दावा
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, आरोपियों को किसी एक ASI की रेकी करने के बजाय रास्ते में मिलने वाले किसी पुलिसकर्मी को निशाना बनाने का काम दिया गया था. जांच में पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे एक कथित हैंडलर से संबंध की बात कही है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को पैसे और नशे के कारोबार में हिस्सा देने का लालच दिया गया था. अधिकारियों के अनुसार, हमले के बाद वीडियो बनाकर कथित हैंडलर को भेजा गया. अब मोबाइल की फोरेंसिक जांच, लेन-देन और ड्रोन गतिविधियों की जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क की जानकारी मिल सके.