'घड़े में शराब नहीं, जमीन में दबा मिला जहर!' अमृतसर में 2 लाख लीटर लाहन पर पुलिस का बड़ा ऐक्शन
अमृतसर के गांवों में आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर 2 लाख लीटर कच्ची लाहन को नष्ट किया और 400 बोतल अवैध शराब के साथ भारी उपकरण जब्त किए.
अमृतसर में आबकारी विभाग और थाना भिंडी सैदा पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव भिंडी औलख और सैयदां में बड़ी कार्रवाई की है. इस छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध शराब के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए लगभग दो लाख लीटर कच्ची लाहन बरामद की. इसके साथ ही मौके से भारी मात्रा में उपकरण भी जब्त किए गए.
2 लाख लीटर लाहन नष्ट और उपकरण जब्त
तलाशी अभियान के दौरान छिपाकर रखी गई कच्ची लाहन को मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया गया, ताकि इसका दोबारा इस्तेमाल न हो सके. कार्रवाई के दौरान टीम ने 400 बोतल तैयार अवैध शराब, 50 तिरपाल, प्लास्टिक के 40 कैन तथा लोहे व प्लास्टिक के 9 बड़े ड्रम जब्त किए. यह अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों पर चलाया गया था.
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
आबकारी इंस्पेक्टर जगदीप कौर ने बताया कि थाना भिंडी सैदा में आबकारी अधिनियम के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फिलहाल उस जमीन के मालिकों और इस अवैध धंधे में शामिल संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.