अमृतसर में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश, AK-47 और LMG समेत भारी हथियार बरामद
अमृतसर देहात पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों की खेप बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि ये हथियार दिल्ली पहुंचाए जाने थे. मामले की जांच जारी है.
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार भेजने की एक बड़ी साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है. अमृतसर देहात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से एके-47 राइफलें, लाइट मशीन गन, हैंड ग्रेनेड और अन्य सामान बरामद किया गया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने हथियार दिल्ली पहुंचाने की बात स्वीकार की है. अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है.
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों ने सीमा पार ड्रोन के माध्यम से हथियारों की खेप भेजी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
भारी मात्रा में हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाशबीर काशी, जोबन सिंह और भैणी राजपूता निवासी एक नाबालिग के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से दो एके-47 राइफलें, दो लाइट मशीन गन, दो हैंड ग्रेनेड और अन्य सामग्री बरामद की है. बरामद हथियारों की जांच की जा रही है ताकि उनके स्रोत और उपयोग की जानकारी जुटाई जा सके.
Also Read
दिल्ली पहुंचाई जानी थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हथियारों की यह खेप दिल्ली पहुंचाई जानी थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. जांच एजेंसियां इस संभावना की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं किसी बड़ी वारदात या स्वतंत्रता दिवस के आसपास किसी साजिश की तैयारी तो नहीं थी.
विदेशी हैंडलरों की तलाश जारी
जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े विदेशी हैंडलरों, तस्करी के रास्तों और स्थानीय सहयोगियों की पहचान करने में जुटी हैं. पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के कई और सदस्य सक्रिय हो सकते हैं. इसी वजह से मामले के हर पहलू की विस्तार से जांच की जा रही है.
पहले भी सामने आ चुका है नेटवर्क
पुलिस के अनुसार इससे पहले भी इसी नेटवर्क से जुड़े कुछ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. उस कार्रवाई में भी मशीन गन, पिस्तौल और अन्य हथियार बरामद हुए थे. ताजा गिरफ्तारी के बाद पूरे मॉड्यूल की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं.