'पापा घर के पीछे गड्ढा खोद रहे...' कहते ही बेटी का कॉल हुआ कट, मां ने करवाई खुदाई तो खुला खौफनाक राज

अमृतसर में 19 वर्षीय नवनीत कौर की हत्या कर शव घर के पीछे दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि पिता बेटी के चरित्र पर शक करता था. करीब छह महीने पहले नवनीत प्रेमी के साथ घर से गई थी.

Pinterest
Reepu Kumari

अमृतसर में रिश्तों को झकझोरने वाली एक घटना सामने आई है. मत्तेवाल थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय नवनीत कौर की हत्या का आरोप उसके पिता पर लगा है. बताया जा रहा है कि पिता बेटी के चरित्र पर संदेह करता था. आरोप है कि हत्या के बाद शव को घर के पीछे जमीन में दबा दिया गया. मामले का खुलासा तब हुआ, जब नवनीत की मां को पति की बातों पर शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी.

छह महीने पहले घर से चली गई थी बेटी

मृतका की मां सरबजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उनकी दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी नवनीत कौर पढ़ाई पूरी कर चुकी थी. करीब छह महीने पहले वह अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी, लेकिन कुछ दिनों बाद वापस लौट आई. इसी घटना को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. सरबजीत कौर के मुताबिक, उसका पति दोनों बेटियों के चरित्र को लेकर संदेह करता था.

31 अगस्त को बेटी ने फोन पर बताई थी बात

सरबजीत कौर के अनुसार, वह 25 अगस्त को अपने मायके चली गई थी. उस समय घर में दोनों बेटियां मौजूद थीं. 31 अगस्त को नवनीत ने फोन कर बताया था कि उसके पिता घर के पीछे एक गड्ढा खोद रहे हैं. इसके बाद मां की बेटी से बातचीत नहीं हो सकी. कुछ समय बाद जब वह घर लौटी तो नवनीत वहां मौजूद नहीं थी. यहीं से उसे पति की बातों पर संदेह हुआ.


रिश्तेदार के घर भेजने की बात कही

बुधवार को घर लौटने के बाद सरबजीत कौर ने पति से नवनीत के बारे में पूछा. आरोप है कि पिता ने बताया कि नवनीत को छह महीने के लिए एक रिश्तेदार के घर भेज दिया गया है. यह जवाब मां को संतुष्ट नहीं कर सका. उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी. इसके बाद घर के पीछे मौजूद गड्ढे की जेसीबी से खुदाई कराई गई. जमीन के अंदर नवनीत का शव मिलने के बाद पूरे मामले का राज खुल गया.

पिता के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या और शव खुर्द-बुर्द करने के आरोप में केस दर्ज किया है. नवनीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस जांच में हत्या की वजह, घटनाक्रम और आरोपी की भूमिका से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.