12 दिन वेंटिलेटर पर रहे ASI की हुई मौत, ड्यूटी के दौरान स्कूटी ने मारी थी टक्कर
अमृतसर में ड्यूटी के दौरान स्कूटी की चपेट में आए पंजाब पुलिस के ASI पवन कुमार शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई. सिर में गंभीर चोट के बाद 12 दिन से अस्पताल में भर्ती थे.
चंडीगढ़: अमृतसर में ड्यूटी के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए पंजाब पुलिस के ASI पवन कुमार शर्मा ने 12 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दम तोड़ दिया. हादसा 30 अगस्त को लॉरेंस रोड के पास हुआ था. वह तेज रफ्तार स्कूटी को रोकने की कोशिश कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही दूसरी स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था. पुलिस PRO राजीव शर्मा ने मौत की पुष्टि की है.
पवन कुमार शर्मा अमृतसर के रहने वाले थे और लॉरेंस रोड पर ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे. 30 अगस्त को दोपहर करीब 1:45 बजे वह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सेलिब्रेशन रोड के पास ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने तेज गति से आ रही स्कूटी को हाथ से रुकने का संकेत दिया. स्कूटी नहीं रुकी तो ASI सड़क के बीच तक पहुंच गए.
पीछे से आई दूसरी स्कूटी ने मारी टक्कर
ASI पवन कुमार के सामने से स्कूटी निकल गई. इसी दौरान पीछे से दो युवक दूसरी स्कूटी पर वहां पहुंचे. सड़क के बीच अचानक ASI को देखकर वे खुद को संभाल नहीं सके और उनकी स्कूटी पवन कुमार से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ASI और दोनों स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़े. ASI को गंभीर चोट लगी, जबकि दोनों युवक कुछ देर बाद खुद उठ गए.
Also Read
- पंजाब: कपूरथला सेंट्रल जेल में कैदियों ने किया हंगामा, सुरक्षा कर्मियों से बदसलूकी, 6 पर मामला दर्ज
- आज अस्पताल जाने से पहले देख लें OPD List, पंजाब के 5 बड़े अस्पतालों में कौन डॉक्टर रहेंगे मौजूद
- Punjab Swine Flu: पंजाब में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, लुधियाना में 35 और अमृतसर में 25 केस; जानें लक्षण और बचाव के तरीके
CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
हादसे का करीब तीन मिनट का CCTV फुटेज सामने आया था. इसमें पवन कुमार दो पुलिसकर्मियों के साथ दिखाई देते हैं. वह एक स्कूटी को रोकने का इशारा करते हुए सड़क के बीच पहुंचते हैं. स्कूटी सवार आगे निकल जाता है. तभी पीछे से आए दो युवक ASI से टकरा जाते हैं. पुलिसकर्मी तुरंत उनकी ओर दौड़ते हैं और मदद के लिए स्ट्रेचर मंगवाया जाता है.
घायल ASI को स्ट्रेचर से अस्पताल भेजा
टक्कर के बाद पवन कुमार सड़क पर ही पड़े रहे. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें स्ट्रेचर पर लिटाया और अस्पताल पहुंचाया. दूसरी ओर, हादसे में गिरे दोनों युवक खुद उठे और अपनी स्कूटी लेकर वहां से चले गए. पूरी घटना कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई, इसलिए सड़क पर लंबे समय तक जाम की स्थिति भी नहीं बनी.
पुलिस कर रही थी स्कूटी सवारों की तलाश
हादसे के बाद थाना सिविल लाइन के SHO मोहित कुमार ने बताया था कि पुलिस दोनों स्कूटी सवारों की पहचान और तलाश में जुटी है. उनके संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की बात कही गई थी. शुरुआती जानकारी में ASI के कार से टकराने की बात सामने आई थी, लेकिन जांच और CCTV के आधार पर बाद में स्कूटी से हादसा होने की जानकारी सामने आई. अब इलाज के दौरान ASI की मौत हो गई है.