US Israel Iran War

'चिट्टा और गैंगस्टरवाद अकाली दल की देन, सुखबीर बादल का बयान पंजाबियों के साथ मजाक', बोले-आप मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू

आप नेता पन्नू ने कोटकपूरा गोलीकांड और बेअदबी मामलों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, "बरगाड़ी और बुर्ज जवाहर सिंह वाला में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी हुई. शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर गोलियां किसने चलवाईं?

India daily
Hemraj Singh Chauhan

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के हालिया बयान पर जमकर निशाना साधा है. सुखबीर बादल ने हाल ही में फिरोजपुर रैली में कहा था कि यदि अकाली दल सत्ता में आया तो पहली मीटिंग में गैंगस्टरों और ड्रग तस्करों को 'आतंकवादी' घोषित कर दिया जाएगा. बलतेज पन्नू ने इसे पंजाब की जनता के साथ 'भद्दा मजाक' करार दिया.

बुधवार को पार्टी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पन्नू ने कहा कि सुखबीर बादल को लगता है कि पंजाब के लोग 2007 से 2017 के काले दौर को भूल चुके हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि चिट्टा (नशा) और गैंगस्टरवाद के बीज अकाली-भाजपा सरकार के दौरान ही बोए गए और उनके संरक्षण में ही यह समस्या फली-फूली. उन्होंने कहा, "2007 से पहले पंजाब में 'गैंगस्टर' शब्द तक नहीं सुना गया था. सुखबीर बादल के राज में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिला."

आप का अकाली दल पर हमला

पन्नू ने कई पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए सवाल उठाए. उन्होंने पूछा, "अमृतसर में एएसआई की हत्या के बाद अकाली से जुड़े लोगों ने सरेआम भांगड़ा क्यों डाला? नाभा जेल ब्रेक कांड किसके समय हुआ? फरीदकोट में नाबालिग लड़की का अपहरण किसने किया? यह सब अकाली गुंडाराज की निशानियां हैं." उन्होंने आरोप लगाया कि 2007-2012 के बीच नशे की दुकानें खुलीं और 2012 में सरकार दोबारा आने के बाद चिट्टा अपने चरम पर पहुंच गया.

बलतेज पन्नू ने कहा, "जब पुलिस चिट्टा तस्करों को पकड़ती थी, तो आधे घंटे में अकाली नेताओं की तस्वीरें सामने आ जाती थीं और मंत्रियों की सिफारिश से उन्हें छुड़ा लिया जाता था. स्कूटर ठीक करने वाले लोग अरबों के मालिक कैसे बने? यह सब सुखबीर बादल के 10 साल के राज की देन है." 

'कोटकपूरा गोलीकांड और बेअदबी मामलों का भी जिक्र किया'

उन्होंने व्यंग्य किया कि आज वही सुखबीर बादल पहली मीटिंग में कार्रवाई की बात कर रहे हैं, जो पूरी तरह हास्यास्पद है. पन्नू ने कोटकपूरा गोलीकांड और बेअदबी मामलों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, "बरगाड़ी और बुर्ज जवाहर सिंह वाला में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी हुई. शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर गोलियां किसने चलवाईं? सुखबीर बादल खुद कोटकपूरा गोलीकांड में आरोपी हैं और जमानत पर बाहर हैं. ऐसे लोग कानून-व्यवस्था की बात कैसे कर सकते हैं?"आप नेता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार की तारीफ की. 

उन्होंने कहा, "मान सरकार ईमानदारी से नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ जंग लड़ रही है. गांव स्तर तक समितियां बनी हैं और पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है. सुखबीर बादल को फिर सत्ता की भूख सता रही है ताकि वे दोबारा नशे का साम्राज्य खड़ा कर सकें."अंत में बलतेज पन्नू ने सुखबीर बादल को चुनौती दी, "अगली रैली में पंजाबियों को बताएं कि 2007-17 में आपने क्या किया? चिट्टा कैसे आया? पंजाब की जनता का याददाश्त कमजोर नहीं है. वे अपनों के खून और बर्बाद युवाओं को नहीं भूलेंगे. मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना बंद करें, पंजाब आपकी असलियत पहचान चुका है."