पंजाब में टिकट बिक्री पर सियासी बवाल, AAP ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

आम आदमी पार्टी ने पंजाब कांग्रेस पर टिकट बेचने के गंभीर आरोप लगाए हैं. बलतेज पन्नू ने कांग्रेस-बीजेपी की कथित सांठगांठ का दावा करते हुए कहा कि कई कांग्रेस नेता जल्द भाजपा का रुख कर सकते हैं.

@AAPPunjab
Sagar Bhardwaj

पंजाब की राजनीति में टिकट बिक्री के आरोपों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. आम आदमी पार्टी के महासचिव बलतेज पन्नू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पहले टिकटों का संबंध महंगी डिफेंडर जैसी गाड़ियों से जोड़ा जाता था, लेकिन अब मामला 'हेलिकॉप्टर तक पहुंचने' की चर्चा में है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के एक कांग्रेस नेता के हालिया बयान ने इन आरोपों को और हवा दी है. पन्नू ने यह भी याद दिलाया कि नवजोत कौर सिद्धू पहले सार्वजनिक रूप से बड़े पैमाने पर धन के बदले पद मिलने के आरोप लगा चुकी हैं.

 रंधावा की अमित शाह से मुलाकात पर सवाल

बलतेज पन्नू ने कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकात पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भले ही मुलाकात का आधिकारिक कारण कुछ और बताया गया हो, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसकी अलग चर्चा है. पन्नू का आरोप है कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच अंदरखाने तालमेल चल रहा है और दोनों दल एक-दूसरे के राजनीतिक हित साधने में लगे हैं.


 'बीजेपी में पहले से कांग्रेस विंग मौजूद'

पन्नू ने दावा किया कि बीजेपी में पहले से कांग्रेस से आए नेताओं का प्रभाव बढ़ चुका है और कई पुराने भाजपा कार्यकर्ता खुद को अलग-थलग महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी एक-दूसरे पर सार्वजनिक रूप से हमला करती हैं, लेकिन अंदरखाने दोनों के रिश्ते अलग तस्वीर पेश करते हैं. हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस या बीजेपी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

 कांग्रेस छोड़ सकते हैं कई नेता: AAP

पन्नू ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय दलों के फैसले दिल्ली से होते हैं. उन्होंने दावा किया कि मौजूदा हालात को देखते हुए कांग्रेस में दो-चार नेताओं से ज्यादा टिकना मुश्किल है. उनके मुताबिक, जैसे ही कथित राजनीतिक सौदे पूरे होंगे, कांग्रेस के कई नेता बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. कांग्रेस ने इन आरोपों का फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है.