2027 विधानसभा चुनाव के लिए AAP की जोरदार तैयारी, गांव-गांव पहुंच रही पार्टी; हर दिन 3 लोक मिलनियों के पीछे क्या है बड़ा प्लान?
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से तेज होती दिखाई दे रही है. आम आदमी पार्टी ने अपने विधायकों और हलका इंचार्जों को अगले दो महीनों तक लगातार जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं.
पंजाब की राजनीति में चुनावी हलचल भले अभी दूर दिखाई दे रही हो, लेकिन आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी संगठन और सरकार के कामकाज को सीधे जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने की रणनीति पर काम कर रही है.
इसी कड़ी में विधायकों और हलका इंचार्जों को अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं. पार्टी चाहती है कि उसके प्रतिनिधि लोगों के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दें और स्थानीय मुद्दों को भी नजदीक से समझें.
जनता से सीधे संवाद पर जोर
पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों और क्षेत्रीय नेताओं को रोजाना तीन लोक मिलनियां आयोजित करने का लक्ष्य दिया है. इन बैठकों में लोगों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी. इसके साथ ही क्षेत्र की समस्याओं, जरूरतों और जनता की अपेक्षाओं को भी सुना जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर बेहतर संवाद स्थापित किया जा सके.
Also Read
15 अगस्त तक हर क्षेत्र में पहुंचने की तैयारी
अभियान का उद्देश्य केवल शहरों तक सीमित नहीं है. पार्टी ने लक्ष्य तय किया है कि 15 अगस्त तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों और प्रमुख शहरी वार्डों तक पहुंच बनाई जाए. इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर लगातार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है और नेताओं को नियमित रूप से जनता के बीच रहने को कहा गया है.
वरिष्ठ नेता भी मैदान में सक्रिय
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहले से विभिन्न इलाकों में लोक मिलनियां कर रहे हैं. वहीं वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल समेत कई वरिष्ठ नेता भी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसभाएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं. इससे पार्टी की सक्रियता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है.
विकास कार्यों पर भी रहेगा फोकस
पार्टी जिन विधायकों और हलका इंचार्जों को संभावित उम्मीदवार मान रही है, उन्हें विकास कार्यों को गति देने के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है. जानकारी के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रुपये तक के विकास कार्यों की योजना बनाई गई है. उद्देश्य यह है कि जनता को जमीनी स्तर पर विकास के परिणाम दिखाई दें.