कॉलेज एडमिशन की निराशा ने ली 17 साल के छात्र की जान, 12वीं साइंस में 95.7 प्रतिशत अंक के बाद भी की आत्महत्या
ठाणे में 17 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली. उसने 12वीं साइंस में 95.7 प्रतिशत अंक हासिल किए थे.
Thane Student Suicide: ठाणे से आई एक खबर ने पूरे देश में सनसनी मचा दी है. एक 17 साल के छात्र ने 12वीं साइंस में शानदार प्रर्दशन करते हुए 95.7 प्रतिशत अंक हासिल किए. परिवार को बहुत खुशी हुई लेकिन छात्र का सपना कोलकाता के IIEST शिबपुर में BS-MS डुअल डिग्री का था. वहां एडमिशन न होने के कारण उसने आत्महत्या का कदम उठा लिया.
कॉलेज में दाखिला नहीं मिला
छात्र घोड़बंदर रोड स्थित हीरानंदानी एस्टेट के एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में परिवार के साथ रहता था. उसने हाल ही में 12वीं की साइंस परीक्षा 95.7 प्रतिशत अंकों से पास की थी. उसकी इच्छा कोलकाता के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IIEST), शिबपुर में BS-MS डुअल डिग्री कोर्स में पढ़ने की थी. हालांकि, एप्टीट्यूड टेस्ट में उसकी रैंक 10,474 आई और उसे वहां सीट नहीं मिल सकी. पुलिस का कहना है कि पसंद के संस्थान में दाखिला नहीं मिलने से वह काफी निराश था.
परिवार के WhatsApp ग्रुप पर भेजा मैसेज
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर की शाम छात्र घर से साइकिल चलाने की बात कहकर निकला था. कुछ देर बाद उसने परिवार के WhatsApp ग्रुप में अपनी जान देने की बात लिखी. मैसेज देखकर परिवार ने उसका फोन मिलाया लेकिन फोन बंद मिला. इसके बाद परिजनों ने तुरंत कासरवडावली पुलिस स्टेशन को सूचना दी. पुलिस और परिवार ने आसपास उसकी तलाश शुरू की. बाद में वह अपने अपार्टमेंट के पास गंभीर हालत में मिला. उसे ठाणे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
Also Read
- गोंदिया-बालाघाट हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक-पिकअप की टक्कर में 6 की मौत; 7 घायल
- पुणे में दिखा जंतर-मंतर जैसा नजारा, परीक्षा में गड़बड़ी और सीट कटौती को लेकर Gen-Z छात्रों का फूटा गुस्सा; सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी
- क्या जल्द ही समुद्र में समा जाएगा मुंबई शहर? संयुक्त राष्ट्र संघ की रिपोर्ट ने बताया डरावना सच
पुलिस का बयान
पुलिस ने बताया कि छात्र के पिता के बयान के आधार पर आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस के मुताबिक, परिवार को किसी गड़बड़ी का शक नहीं है. परिजन इस घटना के पीछे पढ़ाई और पसंद के संस्थान में दाखिला न मिलने से पैदा हुए तनाव को वजह मान रहे हैं.