ट्विशा शर्मा केस में बड़ा मोड़, AIIMS दिल्ली की टीम ने शुरू किया दूसरा पोस्टमार्टम
ट्विशा शर्मा डेथ केस में हाई कोर्ट के आदेश पर AIIMS दिल्ली की टीम ने भोपाल में दूसरा पोस्टमार्टम शुरू किया है. परिवार ने पहले पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए थे. सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लिया है.
भोपाल: भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में अब बड़ा मोड़ आ गया है. मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के बाद रविवार को AIIMS भोपाल में ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम शुरू किया गया. इसके लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की चार सदस्यीय विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम शनिवार रात भोपाल पहुंची थी.
ट्विशा शर्मा भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं. इस मामले में उनके परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास गिरीबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था. समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं जबकि गिरीबाला सिंह पूर्व जिला जज रह चुकी हैं.
ट्विशा के परिजनों ने क्या उठाए थे सवाल?
पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौत की परिस्थितियों पर ट्विशा के परिवार ने सवाल उठाए थे. इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और हाई कोर्ट ने शुक्रवार को दूसरा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया. बताया जा रहा है कि नई मेडिकल टीम चोटों और मौत के कारणों से जुड़े कई अहम पहलुओं की दोबारा जांच कर रही है.
ट्विशा के भाई ने क्या बताया?
ट्विशा के भाई हर्षित ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका अंतिम संस्कार भोपाल में ही किया जाएगा. परिवार लगातार मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है.
मामले में ट्विशा के वकील अंकुर पांडे ने कहा कि दूसरा पोस्टमार्टम कई अहम सवालों के जवाब दे सकता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे मौत की असली वजह सामने आएगी.
ट्विशा के पिता ने क्या कहा?
इस बीच ट्विशा के पिता ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का समर्थन के लिए आभार जताया. राज्य सरकार पहले ही इस मामले में CBI जांच की सिफारिश कर चुकी है.
सर्वोच्च न्यायालय ने क्या लिया एक्शन?
वहीं भारत का सर्वोच्च न्यायालय ने भी इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है. सुप्रीम कोर्ट ने कथित संस्थागत पक्षपात और जांच प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर मामला दर्ज किया है. इस केस की सुनवाई 25 मई को चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच करेगी.
शनिवार को स्थानीय अदालत ने आरोपी समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आखिर 10 दिनों तक फरार रहने में उसकी मदद किसने की. साथ ही उन प्रभावशाली लोगों की भूमिका की भी जांच हो रही है जिन्होंने जांच को प्रभावित करने की कोशिश की थी.
और पढ़ें
- ट्विशा शर्मा मौत मामले में चौतरफा घिरा पति, अब बार काउंसिल ने चलाया डंडा; समर्थ सिंह को वकालत करने से किया निलंबित
- कौन हैं 12000 पोस्टमार्टम करने वाले और फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ दिनेश राव? जिनपर ट्विशा के परिवार ने दोबारा पोस्टमार्टम के लिए जताया भरोसा
- Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने कोर्ट में किया सरेंडर, 10 दिन से था फरार