मध्य प्रदेश के मैहर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई एसयूवी; एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के मैहर में जन्मदिन समारोह से लौट रही एक एसयूवी ट्रक से टकरा गई. हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास रात करीब एक बजे हुआ. सभी लोग अमरपाटन में जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे.
पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार एसयूवी आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह लोग वाहन के अंदर फंस गए. सूचना मिलने पर पुलिस और हाईवे पेट्रोल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला.
कितने लोगों की हुई मौत?
हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
Also Read
- पहले बैल गिरा, फिर उतरे 4 ग्रामीण... कुछ ही मिनटों में मचा हड़कंप; 35 फीट गहरे कुएं ने निगल ली 3 जिंदगियां
- 'अमीर बना दो महादेव, सुंदर लड़के नहीं देखूंगा...' NEET पास करने के लिए मिली ऐसी मन्नत पर्ची, अधिकारियों की भी छूट गई हंसी
- मध्य प्रदेश में मानसून का कहर... उज्जैन में मंदिर डूबे, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मृतकों की पहचान अंकुर पटेल (40), मृदुल पटेल (32), विजय पटेल (30), हरिशंकर पटेल (25) और शिवा पटेल (23) के रूप में हुई है. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मैहर अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है.
जांच में क्या आया सामने?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी मृतक अमरपाटन में आयोजित एक जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि यह समारोह कांग्रेस के अमरपाटन जिला उपाध्यक्ष मनोज पटेल के यहां आयोजित था. मृतकों को उनका रिश्तेदार बताया जा रहा है. वहीं घायल और मृतक स्थानीय कांग्रेस नेता मनीष पटेल के भाई बताए जा रहे हैं.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ.