बेटी से छोटे भाई ने किया दुष्कर्म, जेल होने पर भी पिता को नहीं मिला सुकून; 19 साल बाद हत्या कर लिया इंतकाम
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 19 साल पहले अपनी बेटी के साथ हुए दुष्कर्म का बदला लेना चाहता था.
शहडोल: जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक शख्स ने अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी. पुलिस जांच में जो वजह सामने आई, उसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. बताया जा रहा है कि यह हत्या करीब दो दशक पुराने विवाद और बदले की भावना से जुड़ी हुई है.
सुनसान रास्ते में रची गई हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार घटना 11 मई की है. देवरवा गांव का रहने वाला तुलसीदास जंगल से तेंदूपत्ता तोड़कर वापस घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में एक सुनसान स्थान पर उसका बड़ा भाई रघुनाथ पहले से मौजूद था. जैसे ही तुलसीदास वहां पहुंचा, उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया. वार इतने गंभीर थे कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जब ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और हत्या के पीछे की सच्चाई तलाशने में जुट गई.
19 साल पुरानी घटना बनी हत्या की वजह
जांच के दौरान पुलिस को रघुनाथ पर संदेह हुआ. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली. आरोपी ने बताया कि करीब 19 साल पहले उसके छोटे भाई तुलसीदास ने उसकी बेटी, जो रिश्ते में उसकी भतीजी थी, के साथ दुष्कर्म किया था. उस मामले में तुलसीदास को सजा हुई थी और वह कई वर्षों तक जेल में रहा. पिछले साल ही वह सजा पूरी कर गांव लौटा था. पुलिस के मुताबिक, भाई की वापसी के बाद रघुनाथ के मन में पुराना दर्द और गुस्सा फिर उभर आया. उसे लगा कि अदालत की सजा उसके परिवार के साथ हुए अपराध के लिए पर्याप्त नहीं थी.
Also Read
- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पूरे किए 12 ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर पहुंचकर दिया संदेश
- पहले बैल गिरा, फिर उतरे 4 ग्रामीण... कुछ ही मिनटों में मचा हड़कंप; 35 फीट गहरे कुएं ने निगल ली 3 जिंदगियां
- 'अमीर बना दो महादेव, सुंदर लड़के नहीं देखूंगा...' NEET पास करने के लिए मिली ऐसी मन्नत पर्ची, अधिकारियों की भी छूट गई हंसी
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की कुल्हाड़ी
हत्या के खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी रघुनाथ को गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई. आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. ब्यौहारी थाना प्रभारी ज्याउल हक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपनी बेटी के साथ हुए पुराने अपराध का बदला लेने के लिए यह कदम उठाया. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और सभी पहलुओं की जांच जारी है.