पति बना प्यार की राह का कांटा, पत्नी ने प्रेमी संग रची ऐसी साजिश... 3 महीने बाद कंकाल मिलने से खुला राज
मध्य प्रदेश के सतना जिले में तीन महीने पहले लापता हुए विपिन कुमार यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी आंचल यादव ने अपने प्रेमी सुनील कुशवाहा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी.
मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक लापता युवक की गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया. पुलिस जांच में ऐसा खुलासा हुआ जिसने सभी को चौंका दिया. आरोप है कि युवक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची. करीब तीन महीने बाद पुलिस ने जमीन में दफन कंकाल बरामद किया. पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है.
शादी से पहले का रिश्ता बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, मृतक विपिन कुमार यादव की पत्नी आंचल यादव का शादी से पहले से सुनील कुशवाहा के साथ प्रेम संबंध था. जांच में सामने आया कि इसी रिश्ते के चलते दोनों ने विपिन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. पुलिस का कहना है कि हत्या पहले से तय साजिश के तहत की गई और इसमें सुनील के साथ उसका साथी संदीप बहरोलिया भी शामिल था.
घूमने के बहाने ले जाकर की हत्या
जांच में पता चला कि आरोपी सुनील कुशवाहा अपने साथी के साथ विपिन को घूमने के बहाने ले गया. वहीं उसकी हत्या कर दी गई. वारदात के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के लिए पहले उसे एक कुएं में फेंक दिया. बाद में जब पुलिस की जांच तेज हुई और शक बढ़ने लगा तो शव को कुएं से निकालकर दूसरी जगह जमीन में दफना दिया गया.
Also Read
- मंडला में दर्दनाक हादसा, महिला ने ऑटो में 4 बच्चों को दिया जन्म, चारों की हुई मौत; परिजनों ने लगाया ये आरोप
- मध्य प्रदेश के मैहर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई एसयूवी; एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
- MP वक्फ बोर्ड में पहली बार 2 गैर-मुस्लिम सदस्यों की एंट्री, जानें कौन हैं मनोज मालपानी और अनिमेश भार्गव?
खुदाई में मिला कंकाल, खुली पूरी कहानी
पुलिस ने मजिस्ट्रेट की अनुमति लेकर कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर खुदाई कराई. उत्खनन के दौरान जमीन से कंकाल बरामद हुआ. इसी बरामदगी ने पूरे मामले की पुष्टि कर दी. इसके बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया.
गुमशुदगी की जांच से खुला हत्या का राज
पुलिस के मुताबिक विपिन कुमार यादव 26 मार्च को लापता हुआ था. उसके पिता ने रामपुर बाघेलान थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध थे. इसी आधार पर पुलिस ने उससे पूछताछ की. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया.
गंभीर धाराओं में केस, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने आंचल यादव और सुनील कुशवाहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है.