पिता पर किया कुल्हाड़ी से वार, प्लान हुआ फेल तो बेटे ने रची भैंस चोरी की ऐसी कहानी कि पुलिस भी रह गई हैरान
राजगढ़ में पैसों और जमीन के विवाद में एक बेटे ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. वारदात छिपाने के लिए उसने पुलिस को भैंस चोरी की झूठी कहानी सुनाई.
राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बेटे ने पैसों और जमीन के विवाद में अपने ही पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए भैंस चोरी की झूठी कहानी रची. उसने दावा किया कि घर में भैंस चोरी करने आए अज्ञात चोरों ने उसके पिता पर कुल्हाड़ी से हमला किया है. हालांकि पुलिस की जांच में उसकी कहानी ज्यादा देर टिक नहीं सकी.
मामला मलावर थाना क्षेत्र के पाड़ली गुसाईं गांव का है. 12 सितंबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे दीपक पुरी ने पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात भैंस चोर घर में घुस आए थे. उसके पिता कमल पुरी ने भैंस चोरी का विरोध किया, जिसके बाद चोरों ने उनके गले पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल कमल पुरी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. बाद में उन्हें भोपाल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. मौके से फिंगर प्रिंट लिए गए और फॉरेंसिक व तकनीकी टीम की मदद से जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस को दीपक की बताई कहानी और मौके की स्थिति में अंतर नजर आया. पुलिस के मुताबिक, दीपक खुद घर में सो रहा था लेकिन कथित तौर पर हुई झूमा-झटकी के बावजूद उसे इसकी जानकारी नहीं हुई. दूसरे कमरे में उसका भाई भी सो रहा था और उसे भी घटना का पता नहीं चला.
Also Read
पुलिस को कैसे हुआ शक?
इन परिस्थितियों ने पुलिस का शक बढ़ा दिया. इसके बाद पुलिस ने दीपक से सख्ती से पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने पिता पर हमला करने की बात स्वीकार कर ली. पुलिस के मुताबिक, दीपक का अपने पिता के साथ पैसों को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. वह पिता की जमीन बेचकर पैसा हासिल करना चाहता था. इसी विवाद के चलते उसने घर में सो रहे पिता पर कुल्हाड़ी से हमला किया.
दीपक ने क्या बनाई योजना?
हमले के बाद दीपक ने वारदात छिपाने की योजना बनाई. उसने पुलिस को भैंस चोरों की कहानी बताई और अज्ञात लोगों पर अपने पिता पर हमला करने का आरोप लगा दिया. हालांकि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच ने उसकी कहानी की पोल खोल दी. एसपी अमित तोलानी के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल के निरीक्षण, फिंगर प्रिंट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी डाटा के आधार पर करीब चार घंटे में मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है.
फरियादी रोहित पुरी की रिपोर्ट पर मलावर थाने में BNS की धारा 109(1) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी दीपक पुरी, निवासी पाड़ली गुसाईं, को गिरफ्तार कर लिया है. घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी की बरामदगी को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.