menu-icon
India Daily

होटल में 3 लड़कियों के साथ पकड़े गए कांग्रेस नेता, पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्ता

गुना के होटल में तीन युवतियों के साथ पकड़े जाने के मामले के बाद कांग्रेस ने ब्यावरा ब्लॉक अध्यक्ष राहुल दांगी को पार्टी से निष्कासित कर दिया. दांगी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोपों से इनकार किया.

KanhaiyaaZee
होटल में 3 लड़कियों के साथ पकड़े गए कांग्रेस नेता, पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्ता
Courtesy: Social Media

गुना: मध्यप्रदेश के गुना जिले में होटल पर पुलिस की कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने अपने नेता राहुल दांगी के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है. ब्यावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दांगी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है. पुलिस ने उन्हें दो अन्य युवकों के साथ होटल में पकड़ा था. पुलिस के अनुसार, वहां अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिली थी. हालांकि, दांगी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह केवल चाय पीने के लिए होटल में रुके थे.

गुना जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के बीनागंज स्थित होटल राज पैलेस में शनिवार शाम पुलिस ने छापेमारी की. पुलिस को करीब चार बजे होटल में अनैतिक गतिविधियां होने की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने होटल के कमरों की जांच की. पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान तीन युवकों को तीन युवतियों के साथ संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया. इनमें ब्यावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी भी शामिल थे.

तीन युवकों को हिरासत में लिया

पुलिस कार्रवाई में राहुल दांगी के अलावा उमाकांत पुरी और इंद्र सिंह मेहर को भी हिरासत में लिया गया. पुलिस ने तीनों से पूछताछ की, जबकि होटल में मौजूद युवतियों से भी जानकारी ली गई. कार्रवाई के बाद होटल मैनेजर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया. पुलिस के अनुसार, तीनों युवतियां बालिग थीं और उनकी ओर से कोई शिकायत नहीं की गई.

दांगी ने आरोपों को किया खारिज

राहुल दांगी ने पुलिस के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है. उनका कहना है कि वह राजस्थान के कामखेड़ा मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे. रास्ते में वे केवल चाय पीने के लिए होटल में रुके थे. दांगी के मुताबिक, होटल में अचानक हंगामा हुआ और पुलिस उन्हें भी अपने साथ ले गई. उन्होंने खुद को मामले में गलत तरीके से फंसाए जाने का दावा किया.

पुलिस कार्रवाई के बाद मिली जमानत

युवतियों की ओर से शिकायत नहीं मिलने के बाद पुलिस ने राहुल दांगी समेत तीनों युवकों और होटल मैनेजर के खिलाफ शांति भंग करने की धाराओं में कार्रवाई की. सभी को तहसीलदार के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई. दांगी को भी जमानत मिल चुकी है. पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला राजनीतिक चर्चा में आ गया.

मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने राहुल दांगी के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की. मध्यप्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी महासचिव संजय कामले की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि दांगी अनैतिक कार्यों में संलिप्त पाए गए. पार्टी ने ऐसे कृत्यों को अपने सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने के साथ प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया. यह फैसला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर लिया गया.