मध्य प्रदेश के सीधी में दर्दनाक हादसा: घर में लगी आग से 3 मासूम भाई-बहन जिंदा जले, CM मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान
मध्य प्रदेश के सीधी जिले के काशीहवा गांव में घर में लगी भीषण आग में तीन मासूम भाई-बहन जिंदा जल गए. बिजली लाइन में स्पार्किंग से हादसा हुआ. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृत बच्चों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये सहायता देने की घोषणा की.
मध्य प्रदेश के सीधी जिले के एक गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. घर में लगी आग की चपेट में आकर तीन भाई-बहन जिंदा जल गए. घटना के समय घर का दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण बच्चे बाहर भी नहीं निकल सके और आग में झुलसकर दम तोड़ दिया. इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया. हादसे की वजह घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन बताई जा रही है.
शनिवार दोपहर एक बजे हुई घटना
सीधी जिले के जमोड़ी थानाक्षेत्र अंतर्गत काशीहवा गांव में यह घटना शनिवार दोपहर 1 बजे हुई. घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन में स्पार्किंग होने के बाद चिंगारी घर में रखे बांस पर गिरीं और आग पकड़ ली. देखते ही देखते आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया. घर में मौजूद तीन छोटे बच्चों ने भागकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन बाहर से दरवाजा बंद होने के बच्चे बाहर नहीं निकल सके और तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया.
पिता मजदूरी करने और मां राशन लेने गई थी
हादसे के समय इन बच्चों के पिता राम रतन साकेत मजदूरी के लिए सीधी गए हुए थे, जबकि मां बाहर से दरवाजा बंद करके राशन लेने चली गई. राम रतन ने बिलखते हुए यह जानकारी दी. उन्होंने बताया गांव से किसी ने फोन करके घटना की सूचना दी थी, उसके बाद वह किसी तरह घर पहुंचे, लेकिन उनके सारे सपने राख हो चुके थे. डेढ़ साल की रिधि, छह साल के धुम्मु और तीन साल के एक अन्य मासूम की इस हादसे में दर्दनाक मौत ने राम रतन को बुरी तरह तोड़ दिया है, वहीं बच्चों की मां का भी रो-रोकर बुरा हाल है.
कलेक्टर ने भी घटनास्थल का दौरा किया
घटना की सूचना पर सबसे पहले जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया. थाना प्रभारी ने बताया कि शुरूआती जांच में बिजली के तारों में हुई स्पार्किंग से घर में आग लगने की बात सामने आई है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी घटना स्थल का दौरा किया और मामले से शासन को अवगत कराया.
सीएम मोहन यादव ने 6-6 लाख सहायता राशि का ऐलान किया
कलेक्टर की रिपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आग की इस भयावह घटना पर तुरंत संंज्ञान लेते हुए बच्चों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने घटना पर अपने संवेदनाएं व्यक्त की हैं. कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि सीधी जिले की रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से पीड़ित परिजनों को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है.