कटनी में हुआ भीषण सड़क हादसा, बेकाबू ट्रक ने बस को मारी टक्कर; तीन की मौत, 29 घायल

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हुए एक ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी, फिर यात्रियों से भरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और अंत में पुल से जा टकराया.

Pinterest
Meenu Singh

मध्य प्रदेश के कटनी जिले एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है जिसने कई परिवारों की खुशियां छीन ली. तेज रफ्तार और अनियंत्रित हुए एक ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी, फिर यात्रियों से भरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और अंत में पुल से जा टकराया. हादसा इतना भयावह था कि बस पलट गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए. दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य घायल हो गए.

पुलिस के अनुसार यह हादसा कटनी के कुथला थाना क्षेत्र स्थित औद्योगिक क्षेत्र पुल के पास हुआ. बस करीब 35 यात्रियों को लेकर कटनी से विजयराघवगढ़ की ओर जा रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और बस से टकरा गया. प्रारंभिक जांच में ट्रक के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है.

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि ट्रक ड्राइवर ब्रेक फेल होने के बाद गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका. पहले ट्रक एक कार से टकराया और फिर बस को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बस सड़क पर पलट गई, जिससे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई.


बचाव अभियान में जुटी पुलिस और स्थानीय लोग

हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. कई यात्री बस के अंदर और नीचे फंस गए थे. उन्हें निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई. बचाव अभियान करीब 35 मिनट तक चला. पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत कार्य को अंजाम दिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

मृतकों और घायलों की जानकारी

इस हादसे में किशन कोल (30), नीलम प्रजापति और राजू चौधरी की जान चली गई. गंभीर रूप से घायल एक लड़की को इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है. ट्रक चालक भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है.

मुख्यमंत्री ने की सहायता राशि की घोषणा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. वहीं गंभीर रूप से घायल लड़की को एक लाख रुपये की मदद प्रदान की जाएगी. खजुराहो से सांसद वी.डी. शर्मा ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और प्रशासन को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.