IPL 2026

भोपाल के IPS अफसर की 17 साल की बेटी ने किया सुसाइड, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

भोपाल के फोर इमली इलाके में एक IPS अधिकारी की 17 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. मामले की जांच जारी है.

Pinterest
Km Jaya

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वीआईपी इलाके चार इमली में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां रहने वाले IPS अधिकारी संजीव कंचन की 17 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.  छात्रा 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और परिवार के साथ सरकारी बंगले में रहती थी.

मिली जानकारी के मुताबिक घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था. जब परिवार के लोगों को छात्रा के फांसी लगाने की जानकारी मिली तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने के बाद हबीबगंज पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

थाने के एसएचओ ने क्या बताया?

हबीबगंज थाने के एसएचओ संजीव चौकसे ने बताया कि छात्रा के कमरे की बारीकी से जांच की गई, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ. पुलिस ने छात्रा की किताबों, कॉपियों और अन्य सामान की भी जांच की, लेकिन ऐसा कोई सुराग नहीं मिला जिससे आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सके. इसी कारण पुलिस सिर्फ आत्महत्या के एंगल से नहीं बल्कि हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं छात्रा किसी मानसिक दबाव में तो नहीं थी. इसके लिए उसकी सहेलियों, स्कूल के दोस्तों और करीबियों से पूछताछ की जा रही है. परिवार के सदस्यों से भी बातचीत कर यह समझने की कोशिश की जा रही है कि छात्रा पर पढ़ाई या किसी अन्य बात का दबाव तो नहीं था.

कैसे हो रही जांच?

मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने छात्रा का मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिया है. अधिकारियों का मानना है कि इन डिजिटल डिवाइस से कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है, जिससे मौत के पीछे की वजह सामने आ सके. फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

अगर आपके मन में कभी सुसाइड करने का ख्याल आए तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य विशेषज्ञ के पास जाएं. इससे आप अपनी परेशानी का हल निकाल सकते हैं. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 है, जहां आप 24X7 संपर्क कर सकते हैं.