मिड-डे मील खाते ही 38 बच्चे बीमार, कढ़ी-चावल खाने के बाद अस्पताल में भर्ती

इंदौर के सिंहासा गांव में मिड-डे मील खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. पेट दर्द, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.

X
Sagar Bhardwaj

इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र के सिंहासा गांव स्थित शासकीय माध्यमिक स्कूल में शनिवार को मिड-डे मील खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत खराब हो गई. बच्चों को कढ़ी-चावल परोसा गया था. भोजन के कुछ देर बाद कई छात्रों ने पेट दर्द, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत की. एक साथ कई बच्चों की हालत बिगड़ने से स्कूल में हड़कंप मच गया.

38 बच्चों को अस्पताल ले जाया गया

घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी. इसके बाद सभी प्रभावित बच्चों को उपचार के लिए अरविंदो अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों की निगरानी में बच्चों का इलाज किया गया. अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है. स्वस्थ होने वाले कुछ बच्चों को अस्पताल से छुट्टी भी दी गई है.

कढ़ी-चावल के साथ दही-छाछ के सैंपल

मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची. अधिकारियों ने बच्चों को परोसे गए कढ़ी और चावल के नमूने लिए. इसके अलावा कढ़ी तैयार करने में इस्तेमाल दही और छाछ के सैंपल भी सुरक्षित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.


लैब रिपोर्ट से खुलेगा बीमारी का कारण

फिलहाल बच्चों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है. प्रशासन ने जांच रिपोर्ट आने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है. खाद्य विभाग और जिला प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. यदि भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.