IPL 2026

इंदौर में एयरपोर्ट रोड पर बेकाबू ट्रक ने दर्जनों लोगों को रौंदा, 2 की मौत

मध्य प्रदेश के इंदौर में एयरपोर्ट रोड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्रक ने नियंत्रण खोते हुए 10 से 15 लोगों को कुचल दिया. इस भीषण घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

social media
Kuldeep Sharma

इंदौर के एयरपोर्ट रोड स्थित शिक्षक नगर में सोमवार शाम का वक्त अचानक चीख-पुकार और दहशत में बदल गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने दर्जनों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. चंद सेकंड में सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक बाइक को ट्रक कई मीटर तक घसीटता चला गया और आग लगने से पूरा ट्रक जल उठा.

शिक्षक नगर स्थित अंकित होटल से गीतांजलि अस्पताल के बीच सड़क पर भीड़भाड़ रहती है. इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और पैदल चलते लोगों, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों को टक्कर मारता चला गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 10 से 15 लोग इसकी चपेट में आए. सड़क पर हर तरफ चीख-पुकार मच गई. लोग भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश करने लगे, लेकिन कई को संभलने का मौका ही नहीं मिला.

बाइक में आग और ट्रक जलकर खाक

हादसे के दौरान ट्रक के नीचे एक बाइक फंस गई, जिसे चालक घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया. घर्षण की वजह से बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें पूरे ट्रक तक फैल गईं. कुछ ही मिनटों में ट्रक धधकने लगा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

युवक ट्रक में फंसा, मौत दर्दनाक

इस हादसे में एक युवक ट्रक के अगले हिस्से में फंस गया. ट्रक जलने की वजह से वह भी आग की चपेट में आ गया. लोगों ने किसी तरह उसके जलते हुए शव को ट्रक से बाहर निकाला. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दृश्य इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोग सहम गए और कई लोगों की आंखों से आंसू बह निकले. सड़क पर बुरी तरह क्षत-विक्षत शव और घायल पड़े थे, जिन्हें देख हर कोई स्तब्ध रह गया.

ब्रेक फेल और नशे में चालक का शक

हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि ट्रक का ब्रेक काम नहीं कर रहा था. इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और उसने सड़क पर मौजूद लोगों को टक्कर मारना शुरू कर दिया. कुछ लोगों का कहना है कि चालक नशे की हालत में था. अचानक ट्रक के टायर से धुआं और चिंगारी भी निकलती देखी गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल लोगों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है.