menu-icon
India Daily

बहू से परेशान होकर 95 साल के बुजुर्ग ने खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट ने खोले चौंकाने वाले राज

ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में 95 साल के बुजुर्ग ने कथित पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान होकर खुद को गोली मार ली. मौके से सुसाइड नोट मिला है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
बहू से परेशान होकर 95 साल के बुजुर्ग ने खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट ने खोले चौंकाने वाले राज
Courtesy: X

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. थाटीपुर थाना क्षेत्र की नेहरू कॉलोनी में रहने वाले 95 साल के बुजुर्ग रामाधार गुप्ता ने खुद को गोली मारकर जान दे दी. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. घटना की जानकारी तब मिली जब घर के एक कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी. परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि बुजुर्ग लहूलुहान अवस्था में पड़े थे. बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी 12 बोर राइफल से खुद को गोली मारी.

पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग ने राइफल को पेट से सटाकर ट्रिगर दबाया. गोली शरीर को आर पार करती हुई निकल गई. गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही थाटीपुर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटनास्थल से हथियार को जब्त कर लिया गया है और फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है.

सुसाइड नोट से खुली पीड़ा

जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पत्र में पारिवारिक कलह और कथित प्रताड़ना का जिक्र किया गया है. बुजुर्ग ने लिखा है कि वह अपनी बड़ी बहू द्वारा किए जा रहे शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से बुरी तरह टूट चुके थे और इस कारण उन्होंने यह कदम उठाया. पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और उसकी सत्यता की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेज की लिखावट और परिस्थितियों का मिलान कराया जाएगा.

मोहल्ले में शोक और चर्चा

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी अधिक उम्र में किसी को इस तरह का कदम उठाने पर मजबूर होना बेहद दुखद है. कई लोगों ने बुजुर्गों की देखभाल और पारिवारिक जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाए हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट में जिन परिजनों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी.