पत्नी से अफेयर के शक में दोस्त की हत्या, खेत के रास्ते में बिछाए नंगे तार; 9 आरोपी गिरफ्तार

नरसिंहपुर में 28 वर्षीय तरवर उर्फ बड्डू गुर्जर की कथित तौर पर बिजली का करंट लगाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी को अपनी पत्नी के साथ तरवर के कथित संबंध होने का शक था.

Pinterest
Km Jaya

नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में 28 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, तरवर उर्फ बड्डू गुर्जर की कथित तौर पर उसके दोस्त सुरेंद्र जाटव ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की. आरोपी को शक था कि तरवर का उसकी पत्नी के साथ अफेयर चल रहा है. आरोप है कि इसी शक में हत्या की साजिश रची गई और खेतों के बीच उस रास्ते पर बिजली के नंगे तार बिछा दिए गए, जहां से तरवर अक्सर अपने घर लौटता था.

पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर तरवर के शव को नर्मदा नदी में फेंक दिया. मामले की जांच के बाद नरसिंहपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेंद्र जाटव समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

14 सितंबर को लापता हुआ था तरवर

रिपोर्ट के मुताबिक नरसिंहपुर के एसपी संदीप भुरिया ने बताया कि तरवर 14 सितंबर को उत्तरा बाई को छोड़ने के लिए गुर्जर-खेड़ा गांव में अपने मामा के घर गया था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की.


जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तरवर अक्सर भटेरा गांव जाता था. जिस दिन वह लापता हुआ था, उस दिन उसकी मुलाकात उसके दोस्त सुरेंद्र जाटव से हुई थी. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने साथ में शराब पी थी. इसके बाद जांच का शक सुरेंद्र की ओर गया.

पूछताछ में सामने आई हत्या की साजिश

पुलिस ने सुरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने तरवर की हत्या की बात स्वीकार की और पत्नी के साथ कथित संबंध होने के शक की बात बताई. आरोप है कि सुरेंद्र को पता था कि तरवर खेतों के बीच बने एक खास रास्ते से घर लौटता है.

पुलिस के मुताबिक सुरेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर इसी रास्ते पर बिजली के नंगे तार बिछा दिए थे. घटना वाली रात भी उसने कथित तौर पर तरवर के साथ शराब पी. इसके बाद आरोपी ने बेहोश होने का नाटक किया. जब तरवर वहां से निकलकर अपने रास्ते पर पहुंचा, तो वह कथित तौर पर बिजली के तारों की चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई.

शव नर्मदा नदी में फेंकने का आरोप

पुलिस का आरोप है कि तरवर की मौत के बाद सुरेंद्र और उसके साथियों ने शव को एनटीपीसी घाट तक पहुंचाया और वहां से नर्मदा नदी में फेंक दिया. बाद में तरवर का शव नर्मदापुरम जिले में नर्मदा नदी में मिला. परिवार के सदस्यों ने कपड़ों और अंगूठी के आधार पर शव की पहचान की. हालांकि वैज्ञानिक पुष्टि के लिए पुलिस ने DNA सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं.