इंदौर में जर्जर मकान भरभराकर गिरा, चार महिलाओं की मौत; पांच घायल
इंदौर के सांवेर थाना क्षेत्र में बुधवार को जर्जर मकान अचानक ढहने से बड़ा हादसा हो गया. मलबे में दबने से चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए. प्रशासन ने मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है.
इंदौर जिले के सांवेर थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब टेंशन चौराहे के पास एक जर्जर मकान अचानक ढह गया. मकान गिरते ही आसपास मौजूद लोग मलबे में दब गए. हादसे में चार महिलाओं की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. घायलों को तत्काल उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल और अरविंदो अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
मंत्री ने लिया घटनास्थल का जायजा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री तुलसी सिलावट भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों से राहत और बचाव अभियान की जानकारी ली. मंत्री ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. पुलिस की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रशासनिक अधिकारी भी हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रहे हैं.
Also Read
सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाली चार महिलाओं के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है. प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये दिए जाएंगे. इसके अतिरिक्त अंतिम संस्कार के लिए 20-20 हजार रुपये की सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं, हादसे में घायल हुए पांच लोगों के इलाज का पूरा खर्च सरकार की ओर से उठाया जाएगा. अस्पताल में घायलों को निशुल्क उपचार दिया जा रहा है.
मकान को तोड़ने के लिए पहले जारी हुआ था नोटिस
हादसे के बाद जर्जर मकान को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं. जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ मकान पहले से ही खराब स्थिति में था और नगर परिषद की ओर से इसे तोड़ने के लिए नोटिस भी जारी किया जा चुका था. इसके बावजूद मकान को हटाने की कार्रवाई क्यों नहीं हुई, अब इसकी जांच की जा रही है.अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद टेंशन चौराहे और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है.