कटनी से एक साल पहले चले 4 करोड़ के चावल से लदे 32 ट्रक अभी तक नहीं पहुंचे इंदौर, MP में हेराफेरी का बड़ा खेल!

एक साल पहले मध्य प्रदेश के कटनी से इंदौर, हरदा और नीमच के लिए 1 क्विंटल चावल से लदे 32 ट्रक रवाना किए गए थे जो अभी तक वहां नहीं पहुंचे हैं.

@airnewsalerts
Sagar Bhardwaj

मध्य प्रदेश से बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. करीब एक साल पहले की बात है, मध्य प्रदेश के कटनी से इंदौर, हरदा और नीमच के लिए 32 ट्रकों में लादकर करीब 1 क्विंटल से अधिक चावल भेजा गया था. मजे की बात ये है कि ये 32 ट्रक अभी तक अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे हैं. 32 ट्रकों में भरे 1 क्विंटल चावल की कीमत करीब 4 करोड़ रुपए बताई जा रही है. अब इन 32 ट्रकों को जमीन खा गई या आसमान निगल गया कोई नहीं जानता.

कैसे सामने आया मामला

मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों ने हाल ही में 2025 के धान परिवहन रिकॉर्ड का संबंधित जिलों के रिकॉर्ड से मिलान किया. इसी दौरान इन खेपों का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं मिला. आपको बता दें कि कटनी से इंदौर की दूरी 544 किलोमीटर, हरदा की 457 किलोमीटर और नीमच की दूरी 856 किलोमीटर है. बावजूद इसके एक साल से भी अधिक समय में अभी तक ये ट्रक यहां नहीं पहुंचे हैं.

सात दिन में मांगी जांच रिपोर्ट

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मामले की जांच के लिए भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने अपर मुख्य सचिव (खाद्य) केसी गुप्ता से सात दिन में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. मंत्री ने कहा कि लापरवाही या अनाज की हेराफेरी में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर आपराधिक कार्रवाई होगी.


ट्रांसपोर्टर ने डिलीवरी का किया दावा

सूत्रों के मुताबिक, संबंधित ट्रांसपोर्टर का दावा है कि सभी 32 खेप पहुंचा दी गई थीं. हालांकि, इंदौर, हरदा और नीमच में चावल मिलने की पुष्टि करने वाले रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हैं. जांच में पता लगाया जाएगा कि चावल पहुंचाया गया, वापस किया गया, कहीं और भेजा गया या रिकॉर्ड में ही गायब हो गया. अनाज को दूसरी जगह बेचने की साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है.