पश्चिम बंगाल की महिला का मैसूरु में अपहरण और गैंगरेप, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
मैसूरु के टी. नरसीपुरा क्षेत्र में एक महिला ने अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
मैसूरु: कर्नाटक के मैसूरु जिले के टी. नरसीपुरा क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की एक 30 वर्षीय महिला के साथ कथित अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार घटना की शिकायत मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है.
पुलिस के अनुसार महिला 18 जुलाई को एक मित्र के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए मैसूरु गई थी. रात में टी. नरसीपुरा लौटने के बाद वह निजी बस स्टैंड के पास थी, तभी कथित तौर पर तीन लोगों ने उसे जबरन एक कार में बैठा लिया. शिकायत के अनुसार आरोपी उसे चामराजनगर जिले के संथेमाराहल्ली क्षेत्र स्थित एक लॉज में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट और सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है.
पीड़िता ने क्या लगाया आरोप?
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपियों ने उससे पांच हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी छीन लिए. इसके बाद उसे उसके घर के पास छोड़ दिया गया. महिला ने अपने मकान मालिक को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सकीय जांच और आवश्यक सहायता के लिए अस्पताल के वन स्टॉप सेंटर भेजा.
Also Read
- टेकऑफ से पहले इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह से मचा हड़कंप, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट; पूरी रात चली जांच
- रात में महिलाओं के अंडरगारमेंट चुराता, पहनता और सुबह लौटाकर ले जाता नया... बेंगलुरु के इस 'सीरियल चोर' की करतूत CCTV में कैद
- धारवाड़ में डॉक्टर की संदिग्ध हालात में हत्या, घायल मिला आठ साल का बेटा; पत्नी से पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान तीनों आरोपियों की पहचान किरण, किशोर और रियान के रूप में की है, जो टी. नरसीपुरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. तीनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
शिकायत में और बताया?
शिकायत में महिला ने अपने पारिवारिक और आर्थिक संघर्ष का भी उल्लेख किया है. उसने बताया कि वह कुछ महीने पहले रोजगार के लिए मैसूरु आई थी और एक फास्ट फूड दुकान में काम कर रही थी. वह अपनी आय का अधिकांश हिस्सा अपनी बीमार दादी के इलाज के लिए भेजती थी.
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तकनीकी प्रमाणों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. यदि जांच में कोई और तथ्य सामने आते हैं तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी.