5 स्टार होटल के स्विमिंग पूल में अचानक उतरा करंट, दो विदेशी नागरिकों की मौत से मचा हड़कंप

बेंगलुरु के हलासुरु स्थित एक फाइव स्टार होटल के स्विमिंग पूल में संदिग्ध रूप से करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई.

Pinterest
Km Jaya

बेंगलुरु: बेंगलुरु के हलासुरु इलाके में स्थित एक फाइव स्टार होटल के स्विमिंग पूल में संदिग्ध रूप से करंट उतरने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है. हादसा होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हुआ. घटना के बाद होटल परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी.

मृतकों की पहचान स्लोवाकिया के 45 वर्षीय नागरिक होरियात और नीदरलैंड के 59 वर्षीय नागरिक एलेक्जेंडर मैक्सियालन के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों स्विमिंग पूल में मौजूद थे, तभी वे कथित तौर पर करंट की चपेट में आ गए. हादसे में दोनों की जान चली गई.

बचाने की कोशिश में दो लोग घायल

हादसे के दौरान दोनों विदेशी नागरिकों को बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए. घायलों में होटल में ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डिसेंटिस और होटल के 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट एवं लाइफगार्ड राहुल तिवारी शामिल हैं.


दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. बताया गया है कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है और उनका उपचार जारी है. हादसे के बाद होटल के स्विमिंग पूल में सुरक्षा व्यवस्था और बिजली से जुड़े इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

मृतक की पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद मृतकों में से एक की पत्नी ने होटल के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्विमिंग पूल में करंट कैसे पहुंचा और हादसे के लिए कौन से कारण जिम्मेदार थे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. हादसे में जान गंवाने वाले दोनों विदेशी नागरिकों के शवों को भी मणिपाल हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

फाइव स्टार होटल के स्विमिंग पूल में इस तरह का हादसा सामने आने के बाद वहां मौजूद सुरक्षा और बिजली व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्विमिंग पूल जैसी जगहों पर बिजली के उपकरणों और वायरिंग की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी और इसमें किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे में दो लोगों की मौत और दो लोगों के घायल होने से होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने के साथ ही घटना ने स्विमिंग पूल में सुरक्षा मानकों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है.