कर्नाटक में बनेगा भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्टेडियम, 80 हजार दर्शकों की होगी क्षमता, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने किया शिलान्यास
बेंगलुरु के पास कर्नाटक में 80 हजार दर्शक क्षमता वाले भारत के दूसरे सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया गया. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 1650 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की. स्टेडियम में क्रिकेट के साथ कई अंतरराष्ट्रीय खेल सुविधाएं भी होंगी.
भारत में दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम कर्नाटक में होगा. इस स्टेडियम में 80000 दर्शक एक साथ बैठ सकेंगे. बेंगलुरु के पास कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 80 एकड़ में तैयार होने वाले स्टेडियम का शिलान्यास कर दिया है. बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के लिए सुरक्षित स्थान की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी, सीएम सिद्धारमैया ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ का जिक्र करते हुए यह बात कही. नया स्टेडियम चिन्नास्वामी स्टेडियम से 22 किमी दूर है.
दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम अहमदाबाद में
पिछले साल अगस्त में कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने स्टेडियम के निर्माण का ऐलान किया था. इस प्रोजेक्ट पर कुल 1650 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है. बता दें कि भारत समेत दुनिया का सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम गुजरात में है. अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम दर्शक क्षमता के हिसाब से दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है.
75 एकड़ में बनकर तैयार होगा स्टेडियम
बेंगलुरु के पास तालुक के सूर्यनगर फेस-4 में अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर बनाने जा रहे क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण हाउसिंग डिपार्टमेंट और कर्नाटक हाउसिंग बोर्ड करेगा. प्रोजेक्ट के लिए 4000 एकड़ जमीन की व्यवस्था की गई है, हालांकि स्टेडियम का निर्माण 75 एकड़ में होगा, बाकी जमीन पर आवासीय परिसर का निर्माण किया जाएगा और जमीन देने वाले किसानों के भी प्लॉट विकसित किए जाएंगे.
क्रिकेट के अलावा ये सुविधाएं भी होंगी
सीएम सिद्धारमैया ने कहा- स्टेडियम सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा. यहां आठ इनडोर और इतनी ही आउटडोर खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी. अत्याधुनिम स्वीमिंग पूल, जिम, गेस्ट हाउस, हॉस्टल, ट्रेनिंग सेंटर और अतर्राष्ट्रीय आयोजनों के लिए कन्वेंशन हॉल का निर्माण भी परिसर में किया जाएगा.