छात्रों को कर्नाटक सरकार का बड़ा तोहफा, अब पूरे राज्य में मुफ्त होगी बस यात्रा
कर्नाटक सरकार ने सभी स्कूल और कॉलेज छात्रों के लिए मुफ्त बस पास योजना को मंजूरी दे दी है. सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी.
बेंगलुरु: कर्नाटक सरकार ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए राज्य के सभी स्कूल और कॉलेज छात्रों के लिए मुफ्त बस पास सुविधा को मंजूरी दे दी है. राज्य मंत्रिमंडल के फैसले के बाद परिवहन विभाग ने योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है. इसके तहत अब छात्र सरकारी बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे.
यह सुविधा राज्य की प्रमुख परिवहन सेवाओं में लागू होगी, जिनमें कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम, बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम, उत्तर पश्चिमी कर्नाटक सड़क परिवहन निगम और कल्याण कर्नाटक सड़क परिवहन निगम शामिल हैं. परिवहन निगमों को तत्काल प्रभाव से पात्र छात्रों को मुफ्त बस पास जारी करने के निर्देश दिए गए हैं.
सरकार ने क्या बताया?
सरकार ने स्पष्ट किया है कि बस पास अब मुफ्त होंगे लेकिन छात्र बस पास से जुड़े मौजूदा नियमों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. दूरी की सीमा, वैधता अवधि और अन्य पात्रता शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी. छात्र ऑनलाइन आवेदन सेवा सिंधु पोर्टल के माध्यम से स्वयं या अपने स्कूल और कॉलेज की सहायता से कर सकते हैं.
Also Read
- रामलिंगा रेड्डी विवाद थमने के बाद कर्नाटक कांग्रेस में फिर बढ़ा तनाव? विभागों के बंटवारे को लेकर दिल्ली पहुंचे नेता
- 'लाखों टैक्स दे रही हूं', 1BHK का किराया देखकर Google इंजीनियर के उड़ गए होश; रोज 2 घंटे का करती हैं सफर
- कर्नाटक की जेल में ही सड़ेगा यूपी का कुख्यात गैंगस्टर, लॉरेंस के नाम पर मांगी थी 1 करोड़ की रंगदारी
किन छात्रों को मिलेगा लाभ?
इस योजना का सबसे बड़ा लाभ उन छात्रों को भी मिलेगा जिन्होंने पहले ही शुल्क देकर बस पास बनवा लिया है. ऐसे छात्रों के पुराने पास मान्य रहेंगे और उन्हें नया आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी. सरकार ने घोषणा की है कि पहले जमा की गई पूरी राशि योजना लागू होने के 15 दिनों के भीतर वापस कर दी जाएगी.
योजना का दायरा केवल कर्नाटक तक सीमित नहीं रहेगा. राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले और पड़ोसी राज्यों में पढ़ाई करने वाले छात्र भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे. इसी तरह पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले और कर्नाटक के शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र भी मुफ्त बस पास के पात्र होंगे.
सरकार का मानना है कि इस फैसले से हजारों परिवारों पर पड़ने वाला दैनिक यात्रा खर्च कम होगा. छात्रों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में आर्थिक राहत मिलेगी, जिससे शिक्षा तक पहुंच और आसान होगी. साथ ही सरकारी परिवहन सेवाओं के उपयोग को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.