छह दिन से लापता था भारतीय छात्र, कैलिफोर्निया में मिली लाश; मामले की जांच जारी
भारतीय छात्र कैलिफोर्निया में मृत पाया गया.कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के 22 वर्षीय छात्र सकेथ श्रीनिवासैया, जो 9 फरवरी से लापता थे, की अमेरिका में मौत की पुष्टि हो गई है.
कर्नाटक का रहने वाला 22 वर्षीय सकेथ श्रीनिवासैया की 6 दिन बाद लाश मिली है. सकेथ कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में पढ़ाई कर रहा था. सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने रविवार को बताया कि सकेथ मृत पाए गए हैं. वह 9 फरवरी से लापता थे. दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'हमें यह सूचित करते हुए गहरा खेद है कि स्थानीय पुलिस ने लापता भारतीय छात्र सकेथ श्रीनिवासैया का शव बरामद होने की पुष्टि कर दी है. इस बेहद कठिन समय में हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं.'
'परिवार के साथ हैं'
इसमें आगे कहा गया है, 'वाणिज्य दूतावास परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है, जिसमें स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस लाने की व्यवस्था करना शामिल है. हमारे कांसुलर अधिकारी परिवार के सीधे संपर्क में हैं और उन्हें सभी आवश्यक औपचारिकताओं और सेवाओं में सहयोग देंगे.'
यूसी बर्कले के छात्र के बारे में
लापता होने से पहले, भारतीय छात्र को आखिरी बार बर्कले हिल्स में लेक अंजा के पास देखा गया था , जबकि स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उसका बैग, जिसमें उसका पासपोर्ट और लैपटॉप था, पड़ोस में एक घर के दरवाजे पर मिला था.
कर्नाटक के मूल निवासी श्रीनिवासैया ने अपने लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, आईआईटी मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की थी. उन्होंने 2025 में इस प्रतिष्ठित संस्थान से स्नातक की उपाधि प्राप्त की. वे यूसी बर्कले में केमिकल और बायोमोलेक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल कर रहे थे.
रूममेट ने मांगी थी मदद
श्रीनिवासैया के लापता होने के बाद, उनके रूममेट बनेत सिंह ने सोशल मीडिया पर उनके ठिकाने के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की थी. उसने लिंक्डइन पर लिखा 'सभी को नमस्कार, मेरा रूममेट सकेथ श्रीनिवासैया सोमवार, 9 तारीख से लापता है. उसे आखिरी बार बर्कले हिल्स में लेक अंज़ा के पास देखा गया था. अगर मेरे किसी परिचित को इस इलाके में ऐसे लोग पता हों जिन्होंने उसे हाल ही में देखा हो, तो कृपया मुझे कोई भी जानकारी दें. मैं पुलिस विभाग के साथ मिलकर उसे ढूंढने की पूरी कोशिश कर रहा हूं. यह हमारे लिए बहुत मुश्किल समय है. कृपया कोई भी ऐसी जानकारी दें जिससे मदद मिल सके' .
कर्नाटक की मुख्य सचिव ने लिखा विदेश मंत्रालय को लेटर
कर्नाटक की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने भी विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर स्थानीय पुलिस द्वारा यूसी बर्कले के छात्र की तलाश में राजनयिक सहायता का आग्रह किया था. साथ ही, भारतीय वाणिज्य दूतावास लापता युवक का पता लगाने की कोशिश कर रहे स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में था.
और पढ़ें
- बेंगलुरु में टेक्नीशियन बेटा बना खूनी, रिटायर्ड नेवी कैप्टन पिता और डॉक्टर मां की ले ली जान; जानिए कैसे भरा-पुरा परिवार हो गया खत्म
- बेंगलुरु में स्कूल बस ने बाइक को कुचला, 2 मासूम बच्चों की मौत, CCTV में कैद हुआ हादसे का भयानक वीडियो
- लाखों की नौकरी छोड़ बेचने लगा फालूदा, आज हैं 18 से ज्यादा आउटलेट्स, प्रदीप कन्नन की सक्सेस स्टोरी