कर्नाटक के शिवमोगा में भारी बारिश से बड़ा हादसा, लैंडस्लाइड में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
कर्नाटक के शिवमोगा जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक मकान मलबे में दब गया. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों, जिनमें तीन साल का बच्चा भी शामिल है.
शिवमोगा: कर्नाटक के शिवमोगा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया. इंदिरा नगर इलाके में सुबह करीब 2:30 बजे पहाड़ी का एक हिस्सा धंस गया, जिससे एक मकान मलबे में दब गया. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में तीन साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
पुलिस के अनुसार हादसे के समय परिवार गहरी नींद में सो रहा था. अचानक पहाड़ी का हिस्सा घर की शेड पर आ गिरा, जिससे परिवार को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. मलबे में दबने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए.
किन-किन लोगों की हुई मौत?
पुलिस ने मृतकों की पहचान कोप्पल जिले के निवासी मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेणी (28) और उनके तीन वर्षीय बेटे संतोष के रूप में की है. बताया गया कि परिवार शिवमोगा में रह रहा था. इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
Also Read
- पत्नी को फांसी पर लटकाया और मरते हुए पल का वीडियो बनाकर मायके वालों को भेजा, पति गिरफ्तार
- कर्नाटक में सत्ता का बड़ा फैसला, आज होगी सबसे अहम बैठक... कल राहुल से मुलाकात; गुरुवार को हो सकता है शपथ ग्रहण
- कर्नाटक में कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज, दिल्ली पहुंचे CM डीके शिवकुमार; आज हो सकता है बड़ा फैसला
हादसे में पास के एक अन्य शेड में रह रहा एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
कैसी है वहां की स्थिति?
घटना के बाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विस विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया. राहतकर्मियों ने मलबा हटाकर तीनों शवों को बाहर निकाला. अधिकारियों के अनुसार मलनाड क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी का हिस्सा कमजोर हो गया था, जिससे यह भूस्खलन हुआ. प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है.