आज शिवकुमार लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, मंत्रिमंडल में सिद्धारमैया के बेटे समेत कई बड़े चेहरे होंगे शामिल

कर्नाटक के कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार 3 जून को शाम 4:05 बजे लोक भवन परिसर में  मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं, जबकि उनके साथ कई वरिष्ठ नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर बेंगलुरु में राजनीतिक उत्साह अपने चरम पर है.

Pinterest
Meenu Singh

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. लंबे मंथन और कई दौर की बैठकों के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य के नए मंत्रिमंडल की रूपरेखा लगभग तय कर ली है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार 3 जून को शाम 4:05 बजे लोक भवन परिसर में  मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं, जबकि उनके साथ कई वरिष्ठ नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर बेंगलुरु में राजनीतिक उत्साह अपने चरम पर है.

कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री पद और मंत्रिमंडल गठन को लेकर दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक की. इस बैठक में डीके शिवकुमार, निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला शामिल रहे. 

पहले चरण में सीमित मंत्रियों को मिलेगी जिम्मेदारी

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ शुरुआती चरण में लगभग 14 मंत्री शपथ ले सकते हैं. शेष मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा. ए मंत्रिमंडल में जाने-पहचाने चेहरों और नए सदस्यों का मिश्रण होने की संभावना है. यह रणनीति क्षेत्रीय संतुलन, जातीय समीकरण और संगठनात्मक जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई है.

इन नेताओं को मिल सकती है कैबिनेट में जगह

संभावित मंत्रियों की सूची में केजे जॉर्ज, जी परमेश्वर, रामलिंगा रेड्डी, कृष्णा बायरेगौड़ा, यूटी खादर, सतीश जारकीहोली, प्रियांक खड़गे और लक्ष्मी हेब्बलकर जैसे अनुभवी नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं. इसके अलावा सिद्धारमैया के बेटे और कांग्रेस एमएलसी यतींद्र सिद्धारमैया को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा तेज है.

अनुभवी और नए चेहरों का होगा संतुलन

कांग्रेस नेतृत्व इस बार कैबिनेट में अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है. पार्टी का लक्ष्य विभिन्न क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर सरकार को व्यापक आधार प्रदान करना है.

शपथ ग्रहण समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा

बेंगलुरु के लोक भवन परिसर में आयोजित होने वाले समारोह के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा. कार्यक्रम स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी को देखते हुए बैरिकेडिंग भी की गई है.