दिल्ली में कर्नाटक कैबिनेट विस्तार पर लगी मुहर, जानें कौन-कौन है नए मंत्री पद के संभावित चेहरे
दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की बैठक में कर्नाटक मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर 16 से 18 संभावित नामों को मंजूरी मिलने की जानकारी सामने आई है. 3 मई को नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण की संभावना है.
नई दिल्ली: कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होता नजर आ रहा है. नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पार्टी की अहम बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी समेत शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया. बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार के लिए प्रस्तावित नामों पर अंतिम चर्चा की गई और सूत्रों के अनुसार 16 से 18 नामों को मंजूरी दे दी गई है.
बताया जा रहा है कि संभावित मंत्रियों की सूची डी. के. शिवकुमार, सिद्धारमैयाऔर वरिष्ठ कांग्रेस नेता बी. के. हरिप्रसाद की ओर से हाईकमान को सौंपी गई थी. इस सूची पर विचार करने के बाद अंतिम सहमति बनाई गई.
कब हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह?
सूत्रों के मुताबिक हाईकमान की मंजूरी मिलने के बाद 3 मई को शाम 5 बजे राजभवन में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाने की संभावना है. प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं. माना जा रहा है कि इस विस्तार के बाद राज्य मंत्रिमंडल लगभग पूर्ण रूप ले लेगा.
Also Read
कांग्रेस नेतृत्व ने इस बार मंत्रिमंडल गठन में क्षेत्रीय, सामाजिक और जातीय संतुलन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया है. पार्टी अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा और पहली बार विधायक बने नेताओं को भी सरकार में प्रतिनिधित्व देना चाहती है. इससे संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश की जा रही है.
कौन-कौन है मंत्री पद के संभावित दावेदार?
मंत्री पद के संभावित दावेदारों में रिजवान अरशद, बी.जेड. जमीर अहमद खान, अशोक पट्टण, लक्ष्मण सावदी, शरथ बच्चेगौड़ा, मगडी बालकृष्ण, गुब्बी वासु, आरती कृष्णा, लक्ष्मी हेब्बालकर, उमाश्री और नयना मोंटम्मा जैसे नाम चर्चा में हैं. हालांकि कांग्रेस ने अभी तक किसी भी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
अब सभी की नजर 3 मई को होने वाले संभावित शपथ ग्रहण समारोह पर है, जहां नए मंत्रियों के नामों की औपचारिक घोषणा होने की उम्मीद है.