ट्रिपल मर्डर से दहला बेंगलुरु, फ्लैट में मिला एक ही परिवार के 3 लोगों का शव; बेटी और उसका बॉयफ्रेंड फरार
बेंगलुरु से आ रही एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. एक अपार्टमेंट के अंदर हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
बेंगलुरु से आ रही एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. एक अपार्टमेंट के अंदर हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस शुरुआती जांच में इसे पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला मान रही है और घटना के पीछे कई संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है.
यह मामला शहर के केआर पुरम क्षेत्र स्थित सीगेहल्ली के एक अपार्टमेंट का है, जहां सोमासुंदर, उनकी पत्नी मुथुलक्ष्मी और बेटी सुप्रिया मृत पाए गए. पुलिस के अनुसार, तीनों की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई. मामले में परिवार की बड़ी बेटी श्वेता और उसके करीबी साथी केनेथ पर संदेह जताया जा रहा है. घटना के बाद दोनों लापता बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है.
रिश्ते को लेकर था पारिवारिक विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्वेता और केनेथ के संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से मतभेद चल रहे थे. पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि क्या इसी तनाव ने घटना को गंभीर रूप दिया. अधिकारियों का मानना है कि पारिवारिक असहमति और व्यक्तिगत विवाद इस मामले की अहम कड़ी हो सकते हैं.
Also Read
- कार्रवाई न होने से परेशान होकर कर्नाटक के किसानों ने उठाया कदम, चंदा जुटाकर खुद मरम्मत कराई 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क
- शादी से दो दिन पहले लड़की और उसके माता-पिता ने मौत को लगाया गले, सुसाइड नोट में सामने आई खौफनाक सच्चाई
- बेंगलुरु में NEET री-एग्जाम वाले दिन ट्रैफिक में फंसे छात्र, विपक्ष ने कांग्रेस के कार्यक्रम पर उठाए सवाल
श्वेता पर था 30 लाख का कर्ज
जांच के दौरान और भी जानकारियां सामने आई हैं. आरोपी श्वेता पर करीब 30 लाख रुपये का कर्ज था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसके माता-पिता अक्सर उससे बढ़ते कर्ज के बारे में पूछताछ करते थे, जिससे परिवार में तनाव पैदा हो गया था.
जांचकर्ताओं का मानना है कि श्वेता और केनेथ सोमवार को परिवार के घर गए थे, जब वहां केवल उनकी मां मुथुलक्ष्मी मौजूद थीं। उनके पिता सोमासुंदर और छोटी बहन सुप्रिया घर से बाहर थे.
घटनास्थल से जुटाए जा रहे अहम सबूत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. अपार्टमेंट से कई महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए गए हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं. मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है, हालांकि अधिकारियों ने अभी उसकी भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जा सकता है.