बेंगलुरु में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटर फटा, 65 वर्षीय ऑटो ड्राइवर की मौत

इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन को चार्ज करते समय ब्लास्ट हो गया. इस हादसे में 65 वर्षीय ऑटो रिक्शा ड्राइवर की मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि वाहन चार घंटे से ज्यादा समय तक चार्जिंग पर लगा रहने के कारण बैटरी ओवरहीट होकर फट गई. 

x
Antima Pal

बेंगलुरु: शहर के हलासुरु इलाके में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन को चार्ज करते समय ब्लास्ट हो गया. इस हादसे में 65 वर्षीय ऑटो रिक्शा ड्राइवर की मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि वाहन चार घंटे से ज्यादा समय तक चार्जिंग पर लगा रहने के कारण बैटरी ओवरहीट होकर फट गई.

बेंगलुरु में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटर फटा

मृतक की पहचान लूरडेस नादान उर्फ लुथनाथन के रूप में हुई है. वे मर्फी टाउन, हलासुरु में किराए के मकान में रहते थे. उनका बेटा फ्रैंक एंथनी ऐप आधारित कैब ड्राइवर है. परिवार ने सोमवार रात करीब 11 बजे इलेक्ट्रिक स्कूटर को चार्जिंग पर लगाया और सोने चले गए. मंगलवार सुबह करीब 3 बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ. स्कूटर के पास ही ग्राउंड फ्लोर के हॉल में लूरडेस नादान सो रहे थे. धमाके के साथ आग लग गई. ऊपरी मंजिल पर बेटा और बहू टेरेस वाले कमरे में सो रहे थे, इसलिए उन्हें ज्यादा चोट नहीं आई.

पुलिस के अनुसार स्कूटर हॉल के अंदर सिर्फ दो-तीन फीट की दूरी पर खड़ा था. लंबे समय तक चार्जिंग पर रहने से बैटरी गर्म हो गई और आखिरकार ब्लास्ट हो गया. आग ने पूरे हॉल को अपनी चपेट में ले लिया. परिवार के सदस्यों ने जब नीचे पहुंचकर देखा तो बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस चुके थे. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस जांच में क्या आया सामने?

हलासुरु पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एक अधिकारी ने बताया- 'स्कूटर को चार घंटे से ज्यादा समय तक लगातार चार्जिंग पर छोड़ दिया गया था. इससे बैटरी ओवरहीट हुई और दुर्घटना हो गई.' उन्होंने कहा कि कारण की जांच की जा रही है. फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा कर रही है. यह घटना इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर रही है.