रांची में सड़क किनारे मिला युवती का शव, दुष्कर्म के बाद गाड़ी से कुचला; 42 हड्डियां टूटीं
रांची के तुपुदाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. शव मिलने के बाद पुलिस द्वारा आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है.
रांची के तुपुदाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सिरी गांव के पास सड़क किनारे मिली इस लाश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने व्यापक स्तर पर जांच शुरू कर दी है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
जानकारी के अनुसार, सिरी गांव के निकट एक ग्रामीण अपने परिजनों को अस्पताल ले जा रहा था. इसी दौरान उसकी नजर सड़क पर पड़े एक महिला के शव पर पड़ी. उसने तुरंत गांव लौटकर लोगों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची.
जांच में जुटीं कई एजेंसियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक विशेषज्ञों, डॉग स्क्वायड और तकनीकी टीम को जांच में लगाया गया. घटनास्थल से मिले कुछ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मोबाइल फोन के आधार पर महिला की पहचान करने तथा घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया गया.
Also Read
दुष्कर्म की आशंका
शव मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है, क्योंकि वहां मौजूद सबूत इस ओर ही इशार कर रहे हैं. दरअसल घटना स्थल के बगल की झाड़ी में कई कंडोम का पैकेट और महिला के अंतर्वस्त्र पड़े थे, जिससे साफ होता है कि महिला के साथ दरिंदगी हुई है. इसके बाद संभवतः महिला की हत्या कर दी गई.
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि दुषकर्म के बाद महिला को चट्टान पर लाकर उसकी बेदर्दी से हत्या कर दी गई और उसके बाद उसे बीच सड़क पर लाकर उसे गाड़ी से कुचल दिया गया.
पहचान होने के बाद जांच में तेजी
तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन की मदद से मृतका की पहचान रेखा के रूप में हुई, जो अपने पति के साथ रांची के अरगोड़ा क्षेत्र में रहती थीं और मूल रूप से लातेहार जिले की निवासी थीं. परिजनों द्वारा पहले से गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई गई थी, जिससे जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली.
संदिग्धों से पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. वहीं रिम्स से मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला के शरीर में करीब 42 हड्डियां टूटी हुई हैं. महिला के शरीर से मिले स्वाब को भी सावधानीपूर्वक रख दिया गया है ताकि जांच पता चल सके की महिला के साथ कितने लोगों ने दुष्कर्म किया है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.