झारखंड में बारिश बनी आफत, वज्रपात से 8 लोगों की मौत; मौसम विभाग का अलर्ट
झारखंड में मानसून और प्री-मानसून गतिविधियों के बीच शनिवार का दिन कई परिवारों के लिए दुखद साबित हुआ. राज्य के विभिन्न जिलों में हुई बारिश के दौरान वज्रपात की घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए.
मौसम में अचानक आए बदलाव और आंधी-बारिश के कारण झारखंड के कई जिलों में शनिवार को जनजीवन भी प्रभावित रहा. राजधानी रांची के ठाकुरगांव क्षेत्र के काटमकुली गांव में एक महिला की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक कांके प्रखंड के एक गांव में भी एक व्यक्ति की जान चली गई. गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड स्थित घोसकेडीह गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 10 वर्षीय अभिनीत राज की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया.
कई लोगों की मौत
राज्य के गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में 65 वर्षीय राम अवतार पाल की वज्रपात से मौत हो गई. इसी जिले के खरौंधी क्षेत्र में भी एक महिला की जान चली गई. सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दादा और पोती घायल हो गए. इसके अलावा चतरा जिले में खेत में काम कर रही एक महिला मजदूर वज्रपात की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई. जामताड़ा के करमाटांड़ क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली गिरने से 10 वर्षीय बच्चे की जान चली गई, जबकि उसके पिता और दो भाई घायल हो गए.
Also Read
- 'रक्तदान महादान है...' विश्व रक्तदाता दिवस पर CM धामी का खास संदेश, ब्लड डोनेट की लगाई गुहार
- पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का गुस्सा फूटा, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ से दहला पटना; पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
- सड़क पर निकलते ही सबके सामने दिख सकता है आपका बकाया चालान, जयपुर की नई स्मार्ट स्क्रीन के बारे में जानिए
मौसम विभाग ने दी जानकारी
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. संताल परगना और कोयलांचल क्षेत्र के सात जिलों में बारिश का असर देखने को मिला. गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. धनबाद, बोकारो, दुमका और पाकुड़ में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हुई. वहीं पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत कोल्हान क्षेत्र के कई इलाकों में दोपहर बाद मानसूनी बारिश हुई.
कोडरमा और लातेहार में भी बारिश दर्ज की गई, जबकि गढ़वा और लातेहार के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश देखने को मिली. राजधानी रांची में भी दोपहर के बाद मौसम ने करवट ली और बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई. विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के शुरुआती दौर में वज्रपात की घटनाएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देना चाहिए और बारिश या आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहना चाहिए. प्रशासन ने भी लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है ताकि जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके.