झारखंड राज्यसभा चुनाव में बढ़ा रोमांच, परिमल नाथवानी के लिए एनडीए की बड़ी रणनीति; क्रॉस वोटिंग की चर्चा हुई तेज
झारखंड राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए ने परिमल नाथवानी के समर्थन में रणनीतिक बैठक की. इसी बीच संभावित क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं ने चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया है.
रांची: झारखंड के राज्यसभा चुनाव पहले सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं. इसी क्रम में सोमवार देर शाम भाजपा कार्यालय में एनडीए विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नथवानी की जीत सुनिश्चित करने और गठबंधन के विधायकों को एकजुट रखना था.
बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल तथा एनडीए के सभी विधायक मौजूद रहे. नेताओं ने चुनावी रणनीति, मतदान प्रक्रिया और आवश्यक संख्या जुटाने को लेकर विस्तृत चर्चा की.
एनडीए के पास कितने विधायकों का है समर्थन?
राज्यसभा चुनाव के मौजूदा गणित के अनुसार एनडीए के पास 24 विधायकों का समर्थन है. हालांकि जीत सुनिश्चित करने के लिए गठबंधन को चार अतिरिक्त वोटों की जरूरत बताई जा रही है. इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में संभावित क्रॉस वोटिंग और अंतरात्मा के आधार पर मतदान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
Also Read
- दो बीवियों के बाद तीसरी दुल्हन लाने पहुंचा शख्स, तभी दूसरी पत्नी ने पलट दिया पूरा खेल; ऐसे रुकवाई शादी
- Jharkhand Weather: झारखंड में काले बादलों का तांडव! 16 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, तापमान में आई गिरावट
- रेप पीड़िताओं को मिलेगा न्याय! झारखंड हाईकोर्ट का सख्त आदेश, 2 महीने में पूरी होगी जांच
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने क्या किया दावा?
बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि कई विधायक अपनी अंतरात्मा की आवाज के आधार पर मतदान कर सकते हैं. उनके इस बयान को विपक्षी खेमे में संभावित असंतोष और क्रॉस वोटिंग की संभावना के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि किसी भी विधायक या दल की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
झारखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव हमेशा से रोचक रहे हैं. अतीत में भी कई बार क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं. इसी कारण इस बार का चुनाव भी राजनीतिक विश्लेषकों और आम लोगों की नजरों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
नवीन जायसवाल ने क्या कहा?
भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि एनडीए के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और प्रत्याशी की जीत के लिए संगठित रूप से काम कर रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य के कई विधायक विकास और राज्यहित को ध्यान में रखते हुए मतदान करेंगे. साथ ही उन्होंने दावा किया कि एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है.