दो बीवियों के बाद तीसरी दुल्हन लाने पहुंचा शख्स, तभी दूसरी पत्नी ने पलट दिया पूरा खेल; ऐसे रुकवाई शादी
धनबाद के बाघमारा में दो शादियां कर चुके मंजर अंसारी तीसरी शादी के लिए बारात लेकर पहुंचे थे. दूसरी पत्नी आसमीन परवीन ने पुलिस में शिकायत कर विरोध किया. चलिए जानते हैं क्या एक्शन लिया गया.
धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पहले से दो शादियां कर चुका एक व्यक्ति तीसरी शादी करने के लिए बारात लेकर पहुंच गया. हालांकि दूसरी पत्नी के विरोध और समाज के हस्तक्षेप के बाद निकाह नहीं हो सका और बारात को बिना शादी के वापस लौटना पड़ा.
मिली जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के वर्मा गांव निवासी मंजर अंसारी तीसरी शादी करने के इरादे से धनबाद के बाघमारा क्षेत्र स्थित लूतीपहाड़ी पहुंचा था. यहां उसका निकाह एक युवती के साथ प्रस्तावित था. निकाह की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और बारात भी पहुंच गई थी.
दूसरी पत्नी ने क्या लिया एक्शन?
इसी दौरान मंजर अंसारी की दूसरी पत्नी आसमीन परवीन को इस प्रस्तावित निकाह की जानकारी मिली. इसके बाद वह बाघमारा थाना पहुंची और अपने पति की तीसरी शादी का विरोध दर्ज कराया. आसमीन परवीन ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह 20 जुलाई 2019 को इस्लामिक रीति-रिवाज के अनुसार मंजर अंसारी के साथ हुआ था.
Also Read
आसमीन ने क्या लगाया आरोप?
आसमीन का आरोप है कि निकाह के समय उसके परिवार ने नकद राशि, जेवरात और अन्य सामान दिए थे. शादी के शुरुआती एक वर्ष तक सब कुछ सामान्य रहा लेकिन बाद में पति, देवर और सास-ससुर द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. उसने यह भी दावा किया कि बाद में उसे पता चला कि मंजर अंसारी की पहली शादी पहले ही शाहीन परवीन नामक महिला से हो चुकी थी. यह जानकारी उससे और उसके परिवार से छिपाई गई थी.
जब उसे तीसरी शादी की जानकारी मिली तो उसने तत्काल पुलिस की मदद ली. शिकायत मिलने के बाद बाघमारा पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जानकारी मस्जिद के सदर तथा स्थानीय मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगों को दी गई.
लोगों ने क्या लिया फैसला?
इसके बाद समाज के प्रतिनिधियों और लड़की पक्ष के लोगों ने मामले पर चर्चा की. स्थिति को देखते हुए उन्होंने प्रस्तावित निकाह को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया. समाज और लड़की पक्ष के हस्तक्षेप के बाद दूल्हे और बारात को बिना किसी विवाद के वापस भेज दिया गया.
इस तरह मंजर अंसारी का तीसरा निकाह टल गया. मामले को लेकर बुधवार रात बाघमारा थाना में काफी देर तक हलचल और चर्चा का माहौल बना रहा. हालांकि किसी प्रकार के बड़े विवाद या हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली. पुलिस और समाज के लोगों की पहल से मामला शांतिपूर्वक सुलझ गया और बारात को वापस लौटना पड़ा.