रांची में आज दोपहर के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, दो दिन तक इन जिलों में आंधी-बारिश का तूफानी अलर्ट जारी

झारखंड में सात से नौ अप्रैल तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर रहेगा. कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. तापमान में गिरावट आई है और 10 अप्रैल से फिर मौसम साफ होकर गर्मी बढ़ेगी.

Pinterest
Km Jaya

रांची: रांची समेत पूरे राज्य में 7 अप्रैल से 9 अप्रैल तक मौसम के बदलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बढ़ गई है. इसके चलते इस दौरान तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए कई जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है.

मंगलवार यानी आज दिन के समय, राजधानी रांची के साथ-साथ खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हज़ारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में गर्मी बनी रहने की उम्मीद है. हालांकि दोपहर के बाद मौसम में अचानक बदलाव आने की संभावना है. 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही गरज, बिजली चमकने और मध्यम बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है.

आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा?

8 अप्रैल को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने की उम्मीद है. रांची और खूंटी समेत कुल 17 जिलों के लिए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी रहेगा. वहीं बाकी जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

9 अप्रैल को भी राज्य के 13 जिलों में मौसम खराब बना रह सकता है. इस दिन 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं चलने के साथ-साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि पूरे राज्य में तीन दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा.

तापमान कैसा रहेगा?

तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. कई जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. लातेहार में 16 डिग्री, रांची में 18.7 डिग्री, बोकारो में 19.6 डिग्री और खूंटी में 19.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. इस बीच अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच बना हुआ है. जमशेदपुर में भी तापमान 40 डिग्री से गिरकर लगभग 33 डिग्री हो गया है. रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है. हालांकि तेज तूफ़ान और बिजली गिरने का खतरा अभी भी बना हुआ है.

मौसम विभाग ने क्या कहा?

मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल से मौसम की स्थिति में फिर से बदलाव आना शुरू हो जाएगा. आसमान साफ हो जाएगा और बारिश बंद हो जाएगी. इसके साथ ही तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है.

पिछले 24 घंटों में खूंटी में 8 mm और लातेहार में 27 mm बारिश दर्ज की गई. मेदिनीनगर, रांची, जमशेदपुर और बोकारो में भी हल्की बारिश हुई. मौसम का यह बदला हुआ मिजाज अगले दो दिनों तक पूरे राज्य में जारी रहने की उम्मीद है.