हजारीबाग में कोयला ट्रक ने टक्कर मार स्कूटी को 200 मीटर घसीटा, दोनों सवारों की मौत
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में जा रहा था. उसमें भारी मात्रा में कोयला लदा हुआ था. स्कूटी को जबरदस्त टक्कर लगने के बाद ट्रक ने उसे लंबी दूरी तक घसीटा. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दी.
हजारीबाग: हजारीबाग जिले के चुरचू थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हो गई. अवैध कोयला ढुलाई कर रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई. ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मारने के बाद करीब 200 मीटर तक घसीट लिया, जिससे युवकों की हालत बेहद गंभीर हो गई.
ट्रक ने टक्कर मार स्कूटी को 200 मीटर घसीटा
मृतकों की पहचान आकाश हांसदा और राजेंद्र वास्के के रूप में हुई है. आकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेंद्र को सदर अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. दोनों युवक अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे. उनकी मौत से पूरे परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है.
दोनों सवारों की मौत
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में जा रहा था. उसमें भारी मात्रा में कोयला लदा हुआ था. स्कूटी को जबरदस्त टक्कर लगने के बाद ट्रक ने उसे लंबी दूरी तक घसीटा. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दी. उन्होंने ट्रक के पहियों की हवा निकाल दी और शवों को सड़क पर रखकर जाम लगाया.
मृतकों के परिवार को उचित मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. चुरचू, अंगो, चरही और टाटीझरिया थाना प्रभारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े रहे. लोगों ने आरोप लगाया कि चुरचू और अंगो क्षेत्र में पुलिस की मिलीभगत से अवैध कोयले का कारोबार चल रहा है. भारी कोयला ट्रकों की तेज रफ्तार के कारण इस इलाके में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन इस अवैध धंधे पर अंकुश नहीं लगा रहा है, जिसकी वजह से निर्दोष लोगों की जान जा रही है. चुरचू थाना प्रभारी कुमार अश्विनी ने बताया कि दुर्घटना वाले ट्रक में कोयले के कोई वैध कागजात नहीं मिले हैं. मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.