पानीपत: गन्नौर के रहने वाले 39 साल के अमरजीत ने सेक्टर 29 पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत में बताया कि 6 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे वह पानीपत बस स्टैंड पर खड़े थे. तभी एक महिला जिसकी उम्र 22-23 साल के बाच थी, उसके साथ 6-7 महीने का बच्चा था और दो लड़के जिसमें एक 14-15 साल का और दूसरा 24-25 साल का था, वे उनके पास आए. उसके बाद आरोपियों ने अमरजीत को कुछ दिखाया और उसे सुंघाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गए.
बेहोशी की हालत में आरोपी पीड़ित को नांगल खेड़ी के HDFC बैंक ले गए. वहां उन्होंने अमरजीत का फोन, एटीएम कार्ड और कैश छीन लिया. आरोपियों ने एटीएम और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए कुल ₹84,484 निकाले, और ₹1800 कैश और उनका फोन लेकर फरार हो गए.
अमरजीत की शिकायत और बैंक ट्रांजैक्शन की रसीदों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. सेक्टर 29 पुलिस स्टेशन ने इस मामले में केस दर्ज किया है. आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनकी तलाश जारी है.
सिवाह के बस स्टैंड पर एक महिला को एक युवक और युवती ने नशे की चीज लगे रूमाल से नशा सुंघा दिया. बेहोश होने के बाद आरोपियों ने उसके सोने के झुमके चुरा लिए और फरार हो गए. होश में आने के बाद महिला ने सेक्टर-29 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया.
पुलिस को दी गई शिकायत में सीता ने बताया कि वह सिक्का कॉलोनी, सोनीपत की रहने वाली है. वह 3 फरवरी को दोपहर 3 बजे अपनी बेटी से मिलने पानीपत आई थी, जो वहां रहती है. वह बस स्टैंड पर खड़ी थी, तभी एक युवक उसके पास आया और पूछा कि करनाल जाने वाली बस कहां मिलेगी. फिर एक लड़की भी साथ आ गई.
लड़की ने कहा, 'आंटी, चलो हम उसे दिखाते हैं कि करनाल वाली बस कहां है.' दोनों ने उसे बातों में उलझाया और बस स्टैंड के बाहर ले गए. जैसे ही वे गेट के बाहर निकले, उन्होंने एक रूमाल से उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघाया, जिससे वह बेहोश हो गई. इसके बाद आरोपियों ने उसके पहने हुए सोने के दो झुमके चुरा लिए.