वीडियो में देखें कैसे मां के सामने 10 साल के बच्चे को किया थर्ड डिग्री टॉर्चर, आरोपी गिरफ्तार

सोनीपत में 10 वर्षीय बच्चे के साथ कथित मारपीट और करंट लगाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में 10 वर्षीय बच्चे के साथ कथित मारपीट और बिजली का करंट लगाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना सेक्टर 15 स्थित बिहारी मार्केट की बताई जा रही है. मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है. 

पीड़ित बच्चे की मां रुबी देवी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 9 जुलाई को बिजली की दुकान संचालक संजीव गुप्ता और उसके बेटे ने चोरी के शक में उनके नाबालिग बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की. महिला का आरोप है कि बच्चे को दुकान के अंदर ले जाकर बिजली के कंडेनसर से करंट भी लगाया गया. उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्होंने बेटे को बचाने की कोशिश की तो उन्हें रोक दिया गया और बच्चे के साथ मारपीट जारी रही.


क्या है पूरा मामला?

महिला के अनुसार 12 जुलाई को उन्हें घटना का वीडियो मिला, जिसमें कथित तौर पर बच्चे के साथ मारपीट और करंट लगाने की घटना दिखाई दे रही है. उन्होंने वीडियो को पेन ड्राइव में कॉपी कर पुलिस को सौंप दिया. साथ ही आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी आरोपी उन्हें और उनके बेटे को धमकियां दे रहे हैं.

पुलिस के अनुसार 9 जुलाई को डायल 112 के माध्यम से मारपीट की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की, लेकिन उस समय परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी. इसलिए तत्काल मामला दर्ज नहीं किया गया.

कब दर्ज की गई शिकायत?

12 जुलाई को बच्चे की मां ने थाना सेक्टर 27 में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया. मेडिकल लीगल रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर दो चोटों का उल्लेख किया गया है. डॉक्टरों ने आगे ऑर्थोपेडिक और ईएनटी विशेषज्ञ की राय लेने की भी सलाह दी है.

शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस का क्या है कहना?

पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.