शादी कहीं और, अफेयर किसी और से... होटल में प्रेमी संग पहुंची रूबी, कुछ देर बाद मिली लाश
हरियाणा के रोहतक में शादीशुदा महिला रूबी की होटल के कमरे में कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, वह अपने कथित प्रेमी नीरज के साथ होटल पहुंची थी. घटना के बाद नीरज वहां से निकलकर घर पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर खुदकुशी की कोशिश की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
हरियाणा के रोहतक से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा महिला की होटल के कमरे में गला घोंटकर हत्या कर दी गई. महिला अपने कथित प्रेमी के साथ होटल पहुंची थी. कुछ देर बाद युवक कमरे से बाहर निकला और होटल स्टाफ से जल्द लौटने की बात कही, लेकिन वह वापस नहीं आया. काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ. पुलिस को सूचना दी गई और दरवाजा खुलने पर अंदर महिला की लाश मिली.
मामला रोहतक के दिल्ली रोड स्थित एक होटल का है. मृतका की पहचान खेड़ी साध गांव की रहने वाली रूबी के रूप में हुई है. रूबी शादीशुदा थी और उसकी शादी झज्जर जिले के भगवतीपुर गांव में हुई थी. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रूबी और नीरज के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे.
सुबह होटल पहुंचे थे रूबी और नीरज
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह रूबी और नीरज होटल पहुंचे थे. दोनों ने होटल में एक कमरा लिया और कुछ समय तक अंदर रहे. शुरुआती जांच के अनुसार, होटल के कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद के दौरान नीरज ने रूबी की चुन्नी से उसका गला घोंट दिया. इसके बाद रूबी की मौत हो गई. घटना के बाद नीरज कमरे से बाहर निकल गया. उसने होटल स्टाफ से कहा था कि वह थोड़ी देर में वापस आएगा, लेकिन इसके बाद वह होटल नहीं लौटा.
Also Read
कमरे में मिली महिला की लाश
नीरज के जाने के बाद काफी समय बीत गया. होटल कर्मचारियों को कमरे के अंदर से कोई हलचल या आवाज सुनाई नहीं दी. शक होने पर कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया. अंदर रूबी मृत अवस्था में मिली. शुरुआती जांच में महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
होटल में आखिर हुआ क्या था?
इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि होटल के कमरे में दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ कि विवाद हत्या तक पहुंच गया. क्या दोनों के बीच पहले से कोई तनाव चल रहा था या फिर किसी अचानक हुए विवाद के बाद यह वारदात हुई? पुलिस होटल का रजिस्टर, कमरे से जुड़े रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने होटल के कमरे की बारीकी से जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस रूबी और नीरज के बीच संबंधों, उनकी मुलाकातों और घटना से पहले हुई गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है.