शराब पिलाई, फिर किया सिर पर वार... पत्नी के अफेयर का हुआ खुलासा तो चली खूनी साजिश, 24 घंटे में हुआ भांडाफोड़
फरीदाबाद के मोजाबाद गांव में 42 वर्षीय श्यामवीर की हत्या का मामला पुलिस ने 24 घंटे में सुलझा लिया. पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है.
फरीदाबाद के मोजाबाद गांव में 42 वर्षीय श्यामवीर की हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए उसकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों पर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने का आरोप है. जांच में सामने आया कि शव को घर के पास जमीन में दबाया गया था. पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने का दावा किया है.
रिश्ते में दरार बनी हत्या की वजह
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्यामवीर की पत्नी केशव और कामत के रूप में हुई है. दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस का कहना है कि कामत मोजाबाद स्थित मकान में श्यामवीर के साथ रहता था. इसी दौरान उसके और केशव के बीच संबंध बन गए. श्यामवीर को इसकी जानकारी हो गई थी और इसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था.
शराब पिलाने के बाद किया हमला
पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त की शाम कामत ने श्यामवीर को शराब पिलाई. नशे की हालत में पहुंचने के बाद उस पर इंटरलॉकिंग टाइल से सिर पर वार किया गया. पुलिस का आरोप है कि इसी हमले में श्यामवीर की मौत हो गई. इस दौरान केशव ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे अंदर की आवाज बाहर नहीं पहुंच सके.
Also Read
गड्ढा खोदकर शव को दबाया
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर घर के पास जमीन में गड्ढा खोदा और शव को मिट्टी के नीचे छिपा दिया. 24 अगस्त को पुलिस को एक व्यक्ति के जमीन में दबे होने की सूचना मिली. टीम ने मौके पर पहुंचकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कर शव बरामद किया. इसके बाद मृतक के भाई रामबीर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया.
24 घंटे में पुलिस के हाथ लगे आरोपी
मामले की जांच अपराध शाखा डीएलएफ को भी सौंपी गई. पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की. पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल सामान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी.