खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं की कार को ट्रक ने रौंदा, 3 की मौत; दो महिलाएं गंभीर घायल
हरियाणा के जींद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 152D पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं.
राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए निकला एक परिवार कभी नहीं सोच सकता था कि उनकी आस्था की यात्रा कुछ ही घंटों में दर्दनाक हादसे में बदल जाएगी. हरियाणा के जींद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 152D पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
पुलिस के अनुसार, सभी श्रद्धालु करनाल से कार में सवार होकर खाटू श्याम मंदिर जा रहे थे. शुरुआती जांच में सामने आया है कि रास्ते में अचानक एक कुत्ता कार के सामने आ गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. कार से उतरकर परिवार के सदस्य नुकसान का जायजा ले रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें और उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी.
ऐसे हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, करनाल निवासी धर्मपाल वासन अपनी पत्नी नीतू, साली स्वीटी तथा अपने समधी राजकुमार और उनकी पत्नी रितु के साथ सुबह करीब चार बजे खाटू श्याम के दर्शन के लिए रवाना हुए थे. लजवाना कलां गांव के पास अचानक कुत्ता सामने आने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद सभी लोग सड़क किनारे उतरकर कार की स्थिति देख रहे थे.
Also Read
- मानसून से पहले सरकार का बड़ा एक्शन, हरियाणा में नालों की सफाई पर सख्ती, अब IAS और HCS अधिकारी खुद करेंगे जांच
- आपके पास भी है पालतू कुत्ता तो हो जाइए सावधान... गुरुग्राम में बिना रजिस्ट्रेशन रखने पर होगी कार्यवाही, जारी किए गए नए नियम
- हरियाणा के नूंह गांव में युवाओं ने तोड़े 55 स्मार्टफोन, साइबर अपराध से दूरी बनाने की अनोखी पहल
टक्कर से खाई में पलटी गाड़ी
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और ट्रक दोनों सड़क किनारे खाई में जा पलटे. हादसे में धर्मपाल, राजकुमार और स्वीटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीतू और रितु गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है.
ड्राइवर फरार, पुलिस कर रही तलाश
हादसे के बाद ट्रक चालक और उसका हेल्पर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और बेहतर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की मांग भी उठाई है.
बच्चों के विदेश से लौटने का इंतजार
मृतकों के परिजनों के अनुसार, तीनों परिवारों के बच्चे कनाडा में रहते हैं. उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है. परिवार ने निर्णय लिया है कि बच्चों के भारत लौटने के बाद ही तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा. हादसे से पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है.