हरियाणा में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी की 23 साल की पत्नी ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

हरियाणा के रोहतक में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बलहारा की 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले से एक दुखद मामला सामने आया है. अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बलहारा की 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान ने शुक्रवार दोपहर कथित तौर पर अपने घर में आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है.

शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान रोहतक के महम क्षेत्र की रहने वाली थीं. दोनों की शादी दिसंबर 2023 में हुई थी. नवंबर 2025 में उनके घर बेटे हार्दिक का जन्म हुआ था. परिवार में इस घटना के बाद शोक का माहौल है.

रिपोर्टों में क्या आया सामने?

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मुस्कान ने आत्महत्या से एक दिन पहले एक पंजाबी गीत पर सोशल मीडिया रील साझा की थी. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी वजह की पुष्टि नहीं की जा सकती.


पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

इससे पहले कहां हुई ऐसी घटना?

यह घटना हाल ही में उत्तराखंड के देहरादून में सामने आए एक अन्य आत्महत्या के मामले के कुछ दिनों बाद हुई है. हालांकि, दोनों मामलों की परिस्थितियां अलग हैं और जांच भी अलग-अलग एजेंसियां कर रही हैं. इसलिए किसी भी तरह का संबंध या निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर विश्वास न करें और जांच पूरी होने का इंतजार करें.

Disclaimer: अगर कभी भी आपके मन में आत्महत्या करने का विचार आए तो कृप्या करके किसी की मदद लें. आप चाहें तो यहां बताए गए नेशनल हेल्पलाइन नंबर (14416) पर फोन करके अपनी या अपनों की जिंदगी बचा सकते हैं. इस तरह के कृत्यों को हमारे देश में अपराध माना जाता है. इंडिया डेली कभी भी ऐसे कदम को सपोर्ट नहीं करता है.