पानी में सड़कें गायब, स्कूल बसों पर रोक... गुरुग्राम के आदेश पर सोशल मीडिया में सवालों की बौछार
गुरुग्राम में बारिश और जलभराव के बीच प्रशासन ने स्कूल बसों की सुरक्षित आवाजाही के लिए नए निर्देश जारी किए हैं. हालांकि, नागरिकों ने इसे समस्या का स्थायी समाधान नहीं मानते हुए सवाल उठाए हैं.
गुरुग्राम में मानसून की बारिश के बाद जलभराव ने एक बार फिर शहर की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोमवार को पानी से भरी सड़कों पर स्कूल बसों के फंसने के बाद जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई निर्देश जारी किए. स्कूलों से जलभराव वाले रास्तों से बसें नहीं भेजने और सुरक्षित विकल्प तलाशने को कहा गया है. इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल पूछे हैं.
जलभराव वाले रास्तों से बसें नहीं जाएंगी
गुरुग्राम प्रशासन ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि पानी से भरे रास्तों पर स्कूल बसें न चलाएं. जहां संभव हो, सुरक्षित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया जाए. अगर कोई सुरक्षित मार्ग उपलब्ध नहीं है, तो बच्चों को स्कूल परिसर में कर्मचारियों की निगरानी में रखा जाएगा और अभिभावकों को सूचना दी जाएगी. बच्चों को केवल माता-पिता या अधिकृत व्यक्ति के हवाले करने का निर्देश भी दिया गया है.