फरीदाबाद स्टेशन से सफर करने वाले ध्यान दें! 15 अक्टूबर तक कई ट्रेनें रद्द; बदले 43 के प्लेटफॉर्म

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव रहेगा. कई ईएमयू रद्द रहेंगी, 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले जाएंगे और कई एक्सप्रेस ट्रेनों का फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त रहेगा.

Social Media
Babli Rautela

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है. इस दौरान कुछ ईएमयू और उपनगरीय ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का फरीदाबाद स्टेशन पर अस्थायी रूप से ठहराव समाप्त रहेगा. इसके अलावा 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी बदले जाएंगे.

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का नया परिचालन कार्यक्रम जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पर पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

45 दिनों तक रहेगा पावर और ट्रैफिक ब्लॉक

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के लिए उत्तर रेलवे ने प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 यानी लाइन नंबर 4 एवं 5 पर 45 दिनों के पावर और ट्रैफिक ब्लॉक को मंजूरी दी है. यह ब्लॉक 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा. रेलवे मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, निर्माण कार्य के लिए प्रतिदिन रात के समय पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा. इस दौरान प्लेटफॉर्म और संबंधित रेल लाइनों पर जरूरी निर्माण एवं पुनर्विकास का काम किया जाएगा. निर्माण कार्य का असर कई ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा. यात्रियों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने और प्रभावित ट्रेनों की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है.


ये प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद्द

ब्लॉक की अवधि के दौरान कई ईएमयू और उपनगरीय ट्रेनों को रद्द किया गया है. इनमें 64908 शाहदरा बल्लभगढ़, 64071 बल्लभगढ़ शाहदरा, 64052 गाजियाबाद पलवल, 64015 पलवल शाहदरा, 64078 नई दिल्ली पलवल, 64057 पलवल गाजियाबाद, 64012 शाहदरा पलवल और 64013 पलवल शाहदरा शामिल हैं. ये ट्रेनें 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी. इसके अलावा 64076 नई दिल्ली पलवल ईएमयू भी 1 सितंबर और 15 अक्टूबर को रद्द रहेगी.

43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव

पुनर्विकास कार्य के चलते सिर्फ ट्रेनें रद्द ही नहीं होंगी, बल्कि कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी बदले जाएंगे. रेलवे के अनुसार, कुल 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव किया गया है. इनमें 17 अप और 26 डाउन ट्रेनें शामिल हैं. ये ट्रेनें पहले प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 से संचालित होती थीं, लेकिन ब्लॉक अवधि में इन्हें क्रमशः प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 4 से चलाया जाएगा. ऐसे में यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे स्टेशन पहुंचने के बाद डिस्प्ले बोर्ड और रेलवे की घोषणाओं पर भी ध्यान दें.

इन एक्सप्रेस ट्रेनों का फरीदाबाद में नहीं होगा ठहराव

ब्लॉक अवधि के दौरान कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का फरीदाबाद स्टेशन पर अस्थायी रूप से ठहराव समाप्त किया गया है. डाउन दिशा में मालवा एक्सप्रेस (12919), ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस (12615), उज्जैनी एक्सप्रेस (14309), इंदौर देहरादून एक्सप्रेस (14317), पुरी योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस (18477), केरल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12625), नांदेड़ फिरोजपुर एक्सप्रेस (14621) और पुणे जम्मूतवी एक्सप्रेस (11077) फरीदाबाद में नहीं रुकेंगी.

वहीं, अप दिशा में पंजाब मेल (12138), कोटा वीकली एक्सप्रेस (20986), अमृतसर इंदौर एक्सप्रेस (19326), श्री माता वैष्णो देवी कटरा जबलपुर एक्सप्रेस (11450), अंडमान एक्सप्रेस (16032), हिमसागर एक्सप्रेस (16318) और कुरुक्षेत्र खजुराहो एक्सप्रेस (11842) का ठहराव भी समाप्त रहेगा.

इसके अलावा हरिद्वार बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (19020 और 22918), मालवा एक्सप्रेस (12920), फिरोजपुर नांदेड़ एक्सप्रेस (14622) और ऊना हिमाचल इंदौर एक्सप्रेस (19308) भी फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेंगी.