खुले बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, 21 घंटे बाद निकाला गया बाहर; नहीं बच पाई जान
हरियाणा के अंबाला जिले में एक 4 साल का मासूम बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया था. करीब 21 घंटे तक चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अंबाला: हरियाणा के अंबाला जिले में एक 4 साल का मासूम बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया था. करीब 21 घंटे तक चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बता दें कि बच्चे का नाम निरवैर सिंह था. उसे बुधवार सुबह करीब 3:40 बजे बोरवेल से बाहर निकाला गया.
बच्चे को बोरवेल से बाहर निकालने के बाद उसे तुरंत एंबुलेंस से अंबाला कैंट सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टर ऋषि पाल ने कहा, "जब यह बच्चा 21 घंटे बाद इमरजेंसी रूम में पहुंचा, तो उसकी मौत हो चुकी थी... मौत की वजह का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चलेगा."
Also Read
कब हुआ था हादसा:
यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे अंबाला के धनेओरा गांव में हुआ. निरवैर अपने पिता मनजीत के साथ खेत में गया था, जहां उसके दादा करनैल सिंह पहले से मौजूद थे. पिता काम में लग गए और दादा खाना खाने लगे. इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते वहां मौजूद खुले बोरवेल के पास पहुंच गया.
बताया जा रहा है कि बच्चा बोरवेल में मिट्टी डाल रहा था. तभी गीली मिट्टी खिसक गई और वह अंदर झांकते समय फिसलकर करीब 220 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया. परिवार ने तेज आवाज सुनी और तुरंत वहां पहुंचकर बच्चे को आवाज लगाई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी.
परिवार और गांव वालों ने पहले खुद ही बच्चे को निकालने की कोशिश की, लेकिन जब सफल नहीं हुए तो प्रशासन को सूचना दी गई. इसके बाद मौके पर अधिकारी पहुंचे और NDRF, SDRF और सेना की टीमों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.