Budget 2026

Red Fort Theft: जैन धार्मिक समारोह के दौरान लाल किले से सोने-हीरे जड़ित करोड़ों का कलश गायब, CCTV फुटेज में दिखा आरोपी

दिल्ली के लाल किले परिसर में जैन धार्मिक समारोह के दौरान सोने और हीरे-पन्ना जड़े कलश की चोरी हो गई. इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये है. आरोपी धार्मिक वेशभूषा में भीड़ में शामिल होकर कलश चुरा ले गया. सीसीटीवी फुटेज में उसकी पहचान हो चुकी है और पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना ने लाल किले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Social Media
Km Jaya

Red Fort Theft: दिल्ली के लाल किले परिसर में चल रहे जैन धार्मिक समारोह के दौरान करोड़ों रुपये की कीमत का कीमती कलश चोरी हो गया. यह समारोह 15 अगस्त को शुरू हुआ था और 9 सितंबर तक चलना है. कारोबारी सुधीर कुमार जैन रोज पूजा के लिए यह कलश लेकर आते थे. सोमवार को उन्होंने इसकी चोरी की शिकायत दर्ज कराई. बताया गया कि आरोपी ने खुद को धार्मिक वस्त्रों में ढककर भीड़ में घुल-मिल कर वारदात को अंजाम दिया और मौके का फायदा उठाकर कलश लेकर फरार हो गया.

मिली जानकारी के मुताबिक चोरी हुआ कलश करीब 760 ग्राम का है, जो पूरी तरह सोने का बना है. इसमें करीब 150 ग्राम हीरे, माणिक और पन्ने जड़े हुए थे. इसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है. सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की हरकतें कैद हो गईं हैं और पुलिस ने उसकी पहचान भी कर ली है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी हो जाएगी.

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

यह कार्यक्रम लाल किले के पार्क में आयोजित किया जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए थे. यहां तक कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी इस धार्मिक आयोजन में मौजूद रहे. ऐसे में इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

सीसीटीवी फुटेज की जांच

दिल्ली पुलिस ने मामले में आईपीसी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. फॉरेंसिक टीमों ने मौके से सबूत जुटाए हैं. सीसीटीवी फुटेज का गहराई से जांच किया जा रहा है. कई टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए तैनात की गई हैं. पुलिस ने दावा किया कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा. जैन समुदाय के लोगों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताया है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आगे ऐसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो सके.